Site icon OmExpress

जयपुर वासियों को मेट्रो ट्रेन की सौगात, राजे ने मानसरोवर से हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

जयपुर वासियों मेट्रो ट्रेन की सौगात, राजे ने मानसरोवर से हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

जयपुर । मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने बुधवार को जयपुरवासियों को मेट्रो ट्रेन की सौगात दी। उन्होंने जयपुर मेट्रो के फेज वन-ए का लोकार्पण करते हुए मानसरोवर स्टेशन से मेट्रो ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने मानसरोवर से चांदपोल स्टेशन तक तथा वापसी में सिविल लाइंस तक मेट्रो में सफर किया। उनके साथ राज्य मंत्रिपरिषद् के सदस्य, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी थे।

श्रीमती राजे ने मेट्रो को जयपुर की जनता को समर्पित करते हुए बताया कि आज ऐतिहासिक एवं खुशी का दिन है। सबको इसे सेलेब्रेट करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास जयपुर मेट्रो को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का होगा ताकि सरकार को इसे और अधिक सबसिडाइज्ड न करना पड़े। इसके लिए मेट्रो के आगे के चरणों को जल्द पूरा करने की कोशिश होगी।

उन्होंने कहा कि मेट्रो तभी आर्थिक रूप से वायबल होगी जब इसके शेष फेज भी पूरे हो जाएं। उन्होंने कहा कि जयपुर एक ऐतिहासिक तथा टूरिज्म सिटी है। मेट्रो के स्ट्रक्चर ऐसे बनते जिससे कि इसकी खूबसूरती और निखर कर आती लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ। अब इस कमी को हम जल्द दूर करने का प्रयास करेंगे। राजस्थान ही ऐसा प्रदेश है जिसने मेट्रो के लिए पूरे पैसे लगाए हैं।

समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों, रास्ते में मकानों की छतों पर खड़ी महिलाओं एवं बच्चों ने करतल ध्वनि के साथ मेट्रो में सफर कर रही मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।

कतार में लगकर मुख्यमंत्री ने लिया स्मार्ट कार्ड
मुख्यमंत्री ने मानसरोवर स्टेशन का जायजा लिया। यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा की जानकारी ली। उन्होंने टिकट विंडो पर कतार में खडे़ होकर स्मार्ट कार्ड लिया और इससे मेट्रो में सफर किया। श्रीमती राजे ने टिकिट वेंडिंग मशीन से टिकट लेने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।

मेट्रो की तकनीकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया
मुख्यमंत्री ने मानसरोवर स्टेशन स्थित आॅपरेशन कंट्रोल सेन्टर, पुलिस कंट्रोल रूम, डिपो कंट्रोल तथा वर्कशाॅप जाकर मेट्रो की तकनीकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। जेएमआरसी के सीएमडी श्री एनसी गोयल ने मुख्यमंत्री को आॅपरेशन, पावर सप्लाई, डिजास्टर मैनेजमेंट, रोलिंग स्टाॅक, सुरक्षा उपायों आदि के बारे में बताया।

मेट्रो स्टाफ की हौसला अफजाई की
श्रीमती राजे ने महिला ट्रेन आॅपरेटरों, महिला मेंटेंनेंस स्टाफ तथा अन्य तकनीकी स्टाफ से मुलाकात कर उनकी हौसला अफजाई की। मेट्रो स्टाफ में मुख्यमंत्री का काफी क्रेज दिखा। महिला मेट्रोकर्मियों के आग्रह पर श्रीमती राजे ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। मेट्रो अधिकारियों से मुख्यमंत्री ने आॅपरेशन तथा कंट्रोल रूम स्टाफ की तकनीकी योग्यता के बारे में पूछा।

Exit mobile version