बीकानेर। पुलिस महानिरीक्षक विपिन पांडेय ने कहा है कि सामाजिक सुरक्षा, आपसी भाईचारा, कानून एवं व्यवस्था तथा शांति बनाए रखने के लिए आम जन अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए पुलिस का सहयोग करें। पांडेय गुरुवार को नया शहर थाना परिसर में 15 लाख रुपए की लागत से बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के सहयोग से संगठन अध्यक्ष रघु राज सिंह राठौड़ की प्रेरणा से नवनिर्मित कम्प्यूटर कक्ष के उद्घाटन व सी.एल.जी. की मिटिंग में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि जन सहभागिता, संसाधन व सुविधाओं से पुलिस बेहतर कार्य कर आम लोगों को न्याय दिला सकेंगी। पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा ने कहा कि बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने कम्पयूटर कक्ष का निर्माण करवाकर सामाजिक सरोकार के दायित्व का निर्वहन किया है। कम्प्यूटर कक्ष व उसमें कम्प्यूटर, इंटरनेट की सुविधाओं से पुलिस बेहतर कार्य कर सकेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व व्यवस्था को बनाए रखने में नगर के वाशिंदे सकारात्मक सोच के साथ सक्रिय भागीदारी निभाएं। बीकानेर व्यापार मंडल के वरिष्ठ सदस्य मक्खन लाल अग्रवाल ने संगठन की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत करवाए गए कार्यों की जानकारी दी।
पूर्व में अतिथियों को वरिष्ठ व्यवसायी श्याम लाल सोनी, ओम प्रकाश धारणियां, व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष रघुराज सिंह राठौड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन मीणा तथा मक्खन लाल अग्रवाल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लालचंद कयाल ने साफा तथा श्रीलाल व्यास, संजय गोदारा, घनश्याम लखाणी, नवल राठी, राम दयाल सारण, नवीन बिहानी, डॉ.शब्बीर पंवार ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया। समारोह में श्रीमती आरती आचार्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात प्रताप सिंह डूडी सहित विभिन्न थानों के थाना अधिकारी, थाना क्षेत्र के सी.एल.जी. सदस्य व गणमान्य लोग मौजूद थे। व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष रघुराज सिंह ने बताया कि कम्प्यूटर कक्ष मेंं 7 कम्प्यूटर मय प्रिंटर, दो ए.सी. आदि संसाधनों से सुसज्जित किया गया है। पूर्व में पुलिस बैंड ने लोक धुनों से अतिथियों का स्वागत किया। थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया।