Site icon OmExpress

कैडेट के रूप में हम एकता के सूत्र की अनुभूति करते हैं : मोदी

कैडेट के रूप में हम एकता के सूत्र की अनुभूति करते हैं : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विविधता में एकता को भारत का सौंदर्य और ताकत बताते हुए बुधवार को कहा कि इसी से देशवासियों को सदा सर्वदा आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मोदी ने यहां आर्मी परेड ग्राउंड में देशभर से आए राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सामने आज लघु भारत है जो भविष्य के भारत का एक लघु रूप है। एनसीसी में अपने अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कैडेट के रूप में हम समूह जीवन का अनुभव करते हैं और एकता के सूत्र की अनुभूति करते हैं। विविधता में एकता को भारत की सौंदर्य, ताकत और समृद्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद पूरा देश घूमे क्योंकि वह देश को आत्मसात करना चाहते थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी दक्षिण अफ्रीका से लौटकर यही काम किया और स्वतंत्रता सेनानी अबुल कलाम आजाद ने अपने गांव से दिल्ली तक के पहले सफर में विभिन्न संस्कृतियों से उनके परिचय का उल्लेख किया है। मैं भी एनसीसी कैडेट रहा हूं : मोदी ने कहा कि आज यहां आकर मेरी बचपन की यादें ताजा हो गई हैं। मैं भी एनसीसी कैडेट रहा हूं। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, रक्षा राज्य मंत्री राव इंदरजीत सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राज्यसभा सदस्य जया बच्चन, खिलाड़ी अंजलि भागवत और लज्जा गोस्वामी तथा पुलिस अधिकारी रहीं किरण बेदी भी एनसीसी में कैडेट रहीं। मेरे यह लिए सौभाग्य की बात है। परेड में कदम ही नहीं मन भी मिलते हैं : उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट के रूप में आपका दूसरे प्रांतों और क्षेत्रों के लोगों के साथ परिचय होता है और आपको संपूर्ण भारत का अनुभव होता है। आप परेड में हिस्सा लेते हैं तो केवल कदम ही नहीं मिलते हैं बल्कि मन मिलता है और मन मिल जाए तो आपको आगे बढ़ने की ताकत मिलती है। जब आप एनसीसी की वर्दी पहनते हैं तो आपको सीमा पर तैनात जवान के साथ एकात्मकता का एहसास होता है। हमारा देश जवान है : देश की युवा शक्ति का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश की 65 प्रतिशत जनसंख्या 35 वर्ष से कम उम्र की है। जो देश इतना जवान हो, जिस देश के सपने इतने जवान हों, जिस देश की ऊर्जा इतनी जवान हो उस देश के कदम भी उसी जवानी के मुताबिक होते हैं। देश की नारी शक्ति बहुत बड़ी ताकत : परेड में शामिल बालिका कैडेटों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा गणतंत्र दिवस परेड स्त्री शक्ति को समर्पित थी। हमारे पास हर गांव हर परिवार में रानी लक्ष्मीबाई और जीजा माता पैदा हो रही हैं। देश की नारी शक्ति बहुत बड़ी धरोहर और ताकत है।

Exit mobile version