

कोरोना काल में ही अगस्त और सितंबर के महीने में होंगी 9 बड़ी भर्ती परीक्षाएं, 2 अगस्त को पशु चिकित्सा अधिकारी और लाइब्रेरियन ग्रेड सेकंड समीक्षा परीक्षाओं का आयोजन….
ओम एक्सप्रेस – अजमेर।
कोरोना संक्रमण के बीच राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 20.58 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित किए जाने से राजस्थान लोक सेवा आयोग को भी प्रेरणा मिल गई है। आयोग भी अब कोरोना काल में ही अगस्त और सितंबर में 9 बड़ी भर्ती परीक्षाएं आयोजित करने जा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि आयोग की परीक्षा आयोजन की गाड़ी अब पटरी पर लौटती नजर आ रही है। यदि आयोग द्वारा तय किए गए समय पर परीक्षाएं आयोजित होती हैं, तो प्रदेश के 8 बड़े सरकारी विभागों में 1668 अफसर मिल सकेंगे।


आयोग ने पिछले दिनों 2 अगस्त से 27 सितंबर 2020 तक 9 बड़ी परीक्षाओं के आयोजन का कार्यक्रम जारी किया है। आयोग इन परीक्षाओं की तैयारी में जुट गया है। आयोग की तैयारियों का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि आयोग ने शिक्षा विभाग से परीक्षा केंद्र मांग लिए हैं। इधर, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान बीकानेर ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आयोग की आगामी परीक्षाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
आईएएस सौरभ स्वामी, निदेशक माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान, बीकानेर ने जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में आयोग द्वारा माह अगस्त व सितंबर तक आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के लिए शैक्षणिक संस्थानों में शैक्षिक अवकाश घोषित किए जाने के लिए लिखा है। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जिन शिक्षण संस्थाओं में परीक्षाएं आयेाजित होंगी, उनमें परीक्षा दिवस में केवल विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। विद्यालय स्टाफ को संस्था प्रधान के निर्देशानुसार परीक्षा व्यवस्था में सहयोग करने के लिए कहा गया है।


– परीक्षाओं की तैयारी जोरों पर
आयोग द्वारा 2 अगस्त को पशु चिकित्सा अधिकारी और लाइब्रेरियन ग्रेड सेकंड समीक्षा परीक्षाओं का आयोजन किया जाना है। इनकी तैयारियां जोरों पर है। आयोग द्वारा परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया जा चुका है।
-इन विभागों में रिक्त पदों के लिए हो रही हैं परीक्षाएं*
आयोग की ओर से पशुपालन विभाग, भाषा एवं पुस्तकालय विभाग, संस्कृत शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, प्लानिंग डिपार्टमेंट, होम सिक्योरिटी डिपार्टमेंट और वन विभाग में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाओं का आयोजन किया जाना है। इनमें स्कूल लेक्चर संस्कृत शिक्षा और एसीएफ एंड फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर ग्रेड फर्स्ट परीक्षाएं 2018 की हैं। वेटेनरी ऑफिसर और लाइब्रेरियन ग्रेड सेकंड परीक्षाएं 2019 की हैं।


– इन पदों पर होनी है भर्ती
वेटेनरी ऑफिसर स्क्रीनिंग टेस्ट 2019 : 900 पद, 2 अगस्त 2020
लाइब्रेरियन ग्रेड सेकंड स्क्रीनिंग टेस्ट 2019 : 12 पद, 2 अगस्त 2020
लेक्चरर-स्कूल एग्जाम 2018, संस्कृत शिक्षा विभाग : 264 पद, 4 से 7 अगस्त
असिस्टेंट प्रोफेसर(ब्रॉड स्पेशियलिटी), चिकित्सा शिक्षा विभाग : 141 पद, 11 अगस्त
असिस्टेंट प्रोफेसर(सुपर स्पेशियलिटी), चिकित्सा शिक्षा विभाग : 35 पद, 13 से 14 अगस्त
इवोल्यूशन ऑफिसर स्क्रीनिंग टेस्ट 2020 : प्लानिंग डिपार्टेंट, 6 पद, 23 अगस्त
डिप्टी कमांडेंट स्क्रीनिंग टेस्ट 2020 : होम सिक्योरिटी डिपार्टमेंट, 23 अगस्त
सीनियर डेमोंस्ट्रेटर स्क्रीनिंग टेस्ट, चिकित्सा शिक्षा विभाग : 93 पद, 13 से 17 सितंबर तक
एसीएफ एंड फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर ग्रेड फर्स्ट : 2018-204 पद, 20 से 27 सितंबर तक
