Site icon OmExpress

तीर्थंकर आदिनाथ का जन्म व दीक्षा कल्याणक हर्षोल्लास से मनाया

बाड़मेर । जैन धर्म के आदि तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का जन्म व दीक्षा कल्याणक गुरुवार को विश्व शांति मंच बाड़मेर के तत्वावधान में विभिन्न संस्थाओं व मंडलो के सहयोग से शहर में अलग-अलग स्थानों पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ।

विश्व शांति मंच के संयोजक मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि जैन धर्म के पहले तीर्थंकर आदिनाथ भगवान के जन्म कल्याणक एवं दीक्षा कल्याणक के अवसर पर चैत्र शुक्ल नवमीं को बाड़मेर शहर में खागल्ल मोहल्ला स्थित श्री आदिनाथ जिनालय में प्रात: 7.30 बजे शांति-स्नात्र पूजा, दोपहर 2.00 बजे आराधना भवन में आदिनाथ को जानो प्रश्नोत्तरी एवं रात्रि 7.30 बजे आदिनाथ भगवान जिनालय, खागल्ल मोहल्ला में महाआरती, पालणा झूलाना व भक्ति-भावना का कार्यक्रम रखा गया ।

प्रवक्ता चंद्रप्रकाश छाजेड़ ने बताया कि हरवर्ष की भांति विश्व शान्ति मंच के साथ-साथ श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक युवक महासंघ, बाड़मेर, कुशल भक्ति मण्डल, चिन्तामणि समर्पित गु्रप, जैन सोशियल ग्रुप, जैन युवा संगठन, आदिनाथ महिला मण्डल, बाड़मेर की भागीदारी से जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का जन्म व दीक्षा कल्याणक हर्ष व उल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक भगवान आदिनाथ के सिद्धान्तों व जिनवाणी को पहुंचाया गया ।

Exit mobile version