Site icon OmExpress

पश्चिम बंगाल : एक जून से खुल जाएंगे धार्मिक स्थल, 10 से ज्यादा लोग नहीं कर सकेंगे साथ पूजा

Mamta Banerjee

OmExpress News / New Delhi / पश्चिम बंगाल में एक जून यानी सोमवार से सभी धार्मिक स्थलों को खोल दिया जाएगा जो फिलहाल लॉकडाउन के चलते बंद है।पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा है कि सभी पूजा स्थलों, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च एक जून से खुल जाएंगे। हालांकि कुछ शर्ते अभी जारी रहेंगी। एक वक्त में 10 से ज्यादा लोग साथ पूजा नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा धार्मिक स्थलों पर कोई धार्मिक सभा भी नहीं की जा सकेगी। (Worship Places to Open in West Bengal)

कोरोना वायरस के फैलने के बाद देश में दो महीने से ज्यादा वक्त से लॉकडाउन है। 25 मार्च को देश में लॉकडाउन लगाया गया था। जिसके बाद सभी धार्मिक स्थलों, स्कूल कॉलेजों, मॉल सिनेमा हॉल और तमाम चीजों को बंद कर दिया गया था। सिर्फ जरूरी सामान की दुकानें ही खुली रखने की इजाजत दी गई थी। 25 मार्च के बाद लॉकडाउन को चार बार बढ़ाया जा चुका है।

बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 7,466 नए मामले, 175 लोगों की हुई मौत

फिलहाल लॉकडाउन का चौथा चरण है, जो 31 मई को खत्म हो रहा है। ऐसे में 31 मई के बाद सरकार की क्या रणनीति होगी इस पर सबकी नजर है। पश्चिम बंगाल सरकार ने धार्मिक स्थलों को शर्तों के साथ खोलने की इजाजत देकर इशारा कर दिया है कि वो 1 जून से कुछ छूट देने जा रही है। हालांकि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अभी 31 मई के बाद की स्थिति पर कुछ नहीं कहा है।

वहीं दूसरी ओर कोरोना वायरस का खतरा देश और दुनिया में लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या डेढ़ लाख के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 7,466 नए मामले सामने आए हैं और 175 लोगों की मौत हुई है।

इसके बाद देशभर में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1,65,799 हो गई है और अब तक कुल 4,706 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में इस समय 89,987 सक्रिय मामले हैं, यानी इन लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं 71,106 लोग अब तक संक्रमण के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और वो अस्पताल से घर जा चुके हैं।

Exit mobile version