नई दिल्ली,(दिनेश शर्मा “अधिकारी”)। बहुत जल्द 100 रुपये का चमचमाता हुआ नया नोट जारी किया जाएगा। इस नए नोट के बारे में कहा जा रहा है कि यह न तो फटेगा, न कटेगा और न ही पानी में गलेगा। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) 100 रुपये के वार्निश लगे नोट जारी करने की तैयारी में है। आरबीआई ऐसे 1 अरब नोट छाप रहा है। वार्निश लगे नोट उतारने के पीछे वजह नोटों को टिकाऊ और सुरक्षित बनाना है। अभी इसे ट्रायल के आधार पर जारी किया जाएगा। फील्ड ट्रायल सफल रहने के बाद वार्निश लगे नोट बाजार में उतारे जाएंगे और पुराने नोट धीरे-धीरे सिस्टम से बाहर कर दिए जाएंगे। यह जानकारी रिजर्व बैंक ने अपनी सालाना रिपोर्ट में दी है। इस समय बाजार में बैंगनी रंग का 100 रुपये के नोट मौजूद हैं। आरबीआई अब वार्निश लगे 100 रुपये के नए नोट जारी करेगा।

यह नोट बैंगनी रंग का ही होगा। नए 100 रुपये के नोट की सबसे बड़ी खासियत होगी कि यह किसी भी तरह खराब नहीं होगा। हजार बार मोड़ने के बाद भी यह नोट कटेगा, फटेगा नहीं। 100 रुपये के नए नोट पर पानी का भी असर नहीं होगा, क्योंकि इन नोटों पर वार्निश पेंट चढ़ा होगा। वार्निश पेंट वही है, जिसका इस्तेमाल लकड़ी पर किया जाता है। मौजूदा नोट जल्दी खराब हो जाते हैं। ये जल्दी कट-फट जाते हैं या मैले हो जाते हैं। नया नोट भी गांधी सीरीज का ही नोट होगा। इसकी डिजाइन भी बिल्कुल मौजूदा नए नोट की तरह होगी। वार्निश वाला नया नोट मौजूदा नोट के मुकाबले दोगुना टिकाऊ होगा। अभी 100 रुपये के नोट की औसतन उम्र ढ़ाई से साढ़े तीन साल है। वार्निश चढ़े नए नोट की उम्र करीब 7 साल होगी। केंद्र सरकार पहले ही भारतीय रिजर्व बैंक को 100 रुपये के मूल्य वाले एक अरब वार्निश लगे नोट छापने की मंजूरी दे चुकी है। पिछले साल वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा में यह जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था सरकार ने एक अरब वार्निश लगे बैंक नोट शुरू करने को मंजूरी दे दी है।