– दुष्यंत बोले- ताई आज्या मेरी गाढ़ी मैं बैठ, तन्नै मैं दिखाउंगा चंडीगढ़
अनूप कुमार सैनी
प्यारा हिन्दुस्तान न्यूज
चंडीगढ़।
…और ताई सब ठीक-ठाक सै कै, परिवार मैं, … चंडीगढ़ देखण आई स कै ताई। जब शिष्टाचारवत यह सवाल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर मिलने आई एक बुजुर्ग महिला से पूछा तो महिला ने जवाब दिया, मन्नै चांदीगढ़ कुण घुमाव था, मैं त तैरय तांही मेरै पौते कै ब्याह का न्यौंदा दैण आई सूं। इतना सुन दुष्यंत चौटाला बुजूर्ग महिला से बोले ताई पहल्यां ते चा पी, अर फैर मेरे गैल मेरी गाढ़ी में बैठ… तन्नै मैं घुमाऊंगा चंडीगढ़ में। कुछ इस तरह के संवाद आज डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और उनसे मिलने आई बुजुर्ग महिला के बीच सुन वहां उपस्थित अन्य लोग भी अचंभित रह गए।
अपनी दादी समान बुजुर्ग से दुष्यंत ने पूछा कि चंडीगढ़ में कभी घूमे हो क्या ? महिला हंसने लगी और कहने लगी बेटा, मुझे कौन चंडीगढ़ दिखाता ? इतना सुनते ही दुष्यंत ने उस बुजुर्ग महिला को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया और उन्हें चंडीगढ़ की सैर करवाई और रास्ते में चंडीगढ़ के बारे में बताया।
इसके बाद डिप्टी सीएम बुजुर्ग महिला को अपने सरकारी ऑफिस ले गए। आज अपने पोते की शादी का निमंत्रण देने पहुंची एक बुजुर्ग महिला का चंडीगढ़ घूमने का सपना दुष्यंत चौटाला ने पूरा कर दिया।