

-नकली नोट बनाने में प्रयुक्त प्रिंटर, कटर, 200 व 500 नोटों की काफी मात्रा में कतरन बरामद
भिवाड़ी ,(दिनेश शर्मा “अधिकारी ”)। जिला स्पेशल टीम एवं किशनगढ़ बास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर जाली नोट बनाकर उन्हें मार्केट में चलाने वाले गिरोह के 3 सदस्यों जितेंद्र उर्फ जीतू पुत्र बुधाराम (33) निवासी बोलनी थाना किशनगढ़ बास, पवन कुमार पुत्र हरिराम (30) निवासी गुंती थाना बहरोड़ एवं ओमपाल पुत्र कर्म सिंह (38) निवासी सहारनपुर यूपी को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से दो – दो हजार के 13 नकली नोट कुल 26000 रुपये, 200 व 500 के नोटों की कतरने, कलर प्रिंटर, कटर एवं नोटों की छपाई के लिए भारी संख्या में कागज बरामद किए गए हैं। भिवाड़ी एसपी शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि थाना किशनगढ़ बास क्षेत्र में नकली नोट प्रचलन की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीणा, सीओ नीमराणा अतुल अग्रे एवं थानाधिकारी किशनगढ़ बास अमित चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाकर संदिग्धों की पहचान कर उन पर नजर रखी गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त गिरोह 4-5 लाख कीमत के नकली नोट छाप कर बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे हैं। 12 फरवरी को डीएसटी के कॉन्स्टेबल गोपीचंद ने सूचना दी जितेंद्र उर्फ जीतू कोटकासिम तिराहे पर गांव जाने के लिए खड़ा है, जिसके पास नकली नोट होने की सूचना है। इस सूचना पर थानाधिकारी अमित कुमार मय टीम के मौके पर पहुंचे और आरोपी को दस्तयब किया। जिसके पास से 2000-2000 के कुल 9 नोट नकली नोट मिले। जिसने पूछताछ में स्वयं ही नकली नोट बनाना बताया। आरोपी जीतू की सूचना पर गिरोह के अन्य सदस्यों बहरोड़ निवासी पवन को नोट छापने के उपकरण व नकली नोट सहित तथा आरोपी ओमपाल को भी नकली नोटो के साथ गिरफ्तार किया गया। नकली नोट बनाने में माहिर यूपी निवासी निखिल जैन व संजय की सलाह पर आरोपी नकली नोट बनाने लगे
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि करीब दो-तीन महीने पहले यूपी निवासी निखिल व संजय आरोपी ओमपाल के पास बहरोड आए थे। जिन्होंने नकली नोट बनाकर बाजार में चलाने का प्लान बनाया। ओमपाल ने पवन व जितेंद्र को इसमें शामिल कर लिया। पवन ने कलर प्रिंटर, कटर, नोट बनाने की कागज व अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। ओमपाल ने संजय व निखिल को नीमराणा में किराए का फ्लैट दिलवाया।। जहां गिरोह द्वारा शुरुआत में दो दो हजार के करीब 60 नोट कुल 120000 के नकली नोट छापे। यूपी निवासी निखिल व संजय नकली नोट बनाने में माहिर हैं और निखिल नकली नोट की प्रकरणों में पूर्व में भी जेल जा चुका है। वर्तमान में नकली नोट प्रकरण में उत्तराखंड से वांछित भी है। जितेंद्र उर्फ जीतू ने धीरे-धीरे बाजार में छोटे बड़े व्यापारियों के पास नकली नोट चला दिए व कुछ नोट अपने परिचितों को नोट चलाने के लिए दिए।
