बीकानेर, 14 नवम्बर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरु की जयन्ती के उपलक्ष्य में गुरुवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन फीता काटकर जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर आयोजित प्रदर्शनी के अतिरिक्त जिले में बाल मेले का आयोजन भी किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को पंडित नेहरू के संबंध में अत्यंत उपयोगी जानकारी मिल सकेगी।

फोटो प्रदर्शनी में 60 से अधिक छायाचित्रों के माध्यम से पंडित नेहरू द्वारा राजस्थान के विभिन्न जिलों के दौरे और विकास कार्यों के लोकार्पण सहित अन्य फोटो प्रदर्शित किए गए हैं। नेहरू जी की सन्् 1959 में बीकानेर यात्रा के दौरान आयोजित सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम की भी फोटो दर्शाई गई है। छायाचित्रों में बीकानेर, उदयपुर, जयपुर, कोटा, जोधपुर, बाड़मेर व जैसलमेर की यात्रा के फोटो प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से नेहरू जी द्वारा जयपुर में सवाई मानसिंह स्टेडियम का शिलान्यास, उदयपुर में चित्रों की प्रदर्शनी देखते हुए, नेहरू जी द्वारा बाड़मेर और जैसलमेर में ऊंट की सवारी, जयपुर सचिवालय में मार्चपास्ट का निरीक्षण, तत्कालीन मुख्यमंत्री जयनारायण व्यास के साथ, कोटा में डोरिया वस्त्रों का अवलोकन, चरखे पर डोरा बनाने कार्य का अवलोकन, उदयपुर पैलेस में तत्कालीन महाराजा के साथ भोजन करते हुए, उदयपुर पैलेस में मीटिंग करते हुए, सहेलियों की बाड़ी का अवलोकन करते हुए, पिलानी इंस्टिटूट में प्रदर्शनी का अवलोकन सहित ऐतिहासिक और पुरातत्व महत्व के स्थानों का निरीक्षण करते हुए नागौर में 2 अक्टूबर 1959 को पंचायती राज का शुभारंभ करते हुए, राजस्थान विधानसभा के बाहर ग्रुप फोटो, आमजन विशेषकर बच्चों से मिलते हुए पंडित नेहरू, जैसलमेर में खादी ग्रामोद्योग का निरीक्षण, उदयपुर में जनसभा को संबोधन और प्रदर्शनी का अवलोकन, जयपुर के तत्कालीन महाराजा मानसिंह के साथ सहित अनेक चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा नेहरू जी कीे युवावस्था के छायाचित्र भी इस प्रदर्शनी में लगाए गए है ।

इस अवसर पर पूर्व संयुक्त निदेशक जनसम्पर्क विभाग दिनेशचंद्र सक्सेना, उप निदेशक जनसम्पर्क विकास हर्ष, राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के सचिव शरद केवलिया, पुस्तकालयाध्यक्ष राजेन्द्र भार्गव पत्रकार ओम दैया जिलाध्यक्ष राजस्थान श्रमजीव पत्रकार संघ सहित पत्रकार व साहित्यकार उपस्थित थे।