हर्षित सैनी
रोहतक । उपायुक्त आर एस वर्मा ने कहा है कि एल-1 तथा एल-13 के लिए लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं और देसी व अंग्रेजी शराब लाने के लिए परमिट भी दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019- 20 का स्टॉक वर्ष 2020- 21 में ट्रांसफर करने के लिए लाइसेंसी द्वारा 25 लाख रुपये की फीस जमा करवा दी गई है।
उन्होंने कहा कि फीस जमा होने के बाद गोदाम में रखी शराब ट्रांसफर होने की प्रक्रिया में आ गई है। इसके उपरांत शराब की दुकानों पर वांछित मात्रा में शराब उपलब्ध होगी। पिछले 2 दिनों में एल-1 व एल-13 के लाइसेंस न बनने पर शराब के ठेकों पर आपूर्ति नहीं हो पाई थी क्योंकि अब लाइसेंस जारी हो चुके हैं और दुकानों पर आपूर्ति का कार्य भी पूरा हो जाएगा ।

उपायुक्त ने कहा कि सभी ठेकेदारों को शराब की दुकानों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायतें जारी की गई है। शराब की दुकानों के सामने बैरिकेट्स अनिवार्य कर दिए गए हैं। इसके साथ-साथ लोगों के खड़े होने के लिए शराब की दुकान के सामने सर्कल भी बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी शराब की दुकानों पर मास्क व सैनिटाइजर अनिवार्य रूप से रखे जाएंगे।