राज्यपाल से विस भंग करने की सिफारिश कर सकते हैं
आदित्य ठाकरे ने अपने ट्विटर बायो से मंत्री हटाया
40 विधायकों का दावा कर रहे शिंदे, सरकार बनाने के लिए भाजपा सक्रिय

मुंबई : एकनाथ शिंदे के दांव से महा अघाड़ी की गाड़ी पटरी से उतरी नजर आ रही है? महाराष्ट्र के सियासी संकट को देखते हुए कहा जा रहा है कि एकनाथ शिंदे के पास करीब 40 विधायक हैं और शिवसेना उन्हें मना पाने में नाकाम हो गई है। ऐसे में पार्टी के पास सरकार बचाने का कोई चारा नहीं दिख रहा है। सियासी घटनाक्रम को देखते हुए तस्वीर साफ हो रही है और आज उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उन्होंने दोपहर एक बजे कैबिनेट की मीटिंग बुलाई है और उसके बाद इस्तीफा दे सकते हैं। दरअसल एकनाथ शिंदे के पास 40 से ज्यादा विधायक होने की खबर है और वह अब भाजपा के साथ जाने को तैयार हैं। शिंदे के पास दो तिहाई से ज्यादा विधायक हैं, ऐसे में दल-बदल कानून भी उन पर लागू नहीं होगा। यही वजह है कि शिवसेना अब नाउम्मीद दिख रही है। शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने खुद ही ट्वीट कर इस बात के संकेत दिए हैं कि सरकार जा रही है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि राज्य के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम विधानसभा भंग होने की ओर बढ़ रहे हैं। संजय राउत ने कहा था कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता चली जाएगी। लेकिन सत्ता तो आ भी जाती है। उनके इस ट्वीट से साफ संकेत मिलता है कि शिवसेना नीत अघाड़ी सरकार राज्यपाल से विधाानसभा भंग करने की सिफारिश कर सकती है। हालांकि राज्यपाल अल्पमत की सरकार की सिफारिश को खारिज कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा शिंदे के गुट के विधायकों के साथ मिलकर सरकार गठन का दावा कर सकती है।

आदित्य ने भी दिए सरकार जाने के संकेत
सरकार गिरने का संकेत इस बात से भी लगाया जा रहा है कि आदित्य ठाकरे ने अपने ट्विटर बायो से मंत्री हटा लिया है। इस बीच भाजपा खेमा सक्रिय हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के घर पर भाजपा के विधायक पहुंच रहे हैं। चंद्रकांत पाटिल, आशीष सेलार जैसे वरिष्ठ नेता भी उनके घर पहुंचे हैं।
शिंदे के शक्ति प्रदर्शन से शिवसेना के हौसले पस्त
दरअसल, आज सुबह ही एकनाथ शिंदे ने वीडियो और तस्वीरें जारी की थीं, जिसमें 36 विधायक उनके साथ दिख रहे थे। उसके बाद से ही शिवसेना के तेवर ढीले पड़ते दिखे। संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए तभी कह दिया था कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सरकार चली जाएगी। उनके इस बयान के बाद से ही कयास लगने लगे थे कि शिवसेना अब हथियार डालती दिख रही है।
गुवाहाटी पहुंचा शिंदे खेमा
उधर मंगलवार की सुबह सूरत के ला मेरिडियन होटल पहुंचने वाले एकनाथ शिंदे अब गुवाहाटी पहुंच गए हैं, जहां भाजपा के एक विधायक ने उनका स्वागत किया। सूत्रों के हवाले से खबर है कि शिंदे भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। मीडिया से गुवाहाटी में बात करते हुए एकनाथ शिंदे ने इसके संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि हमें 40 से ज्यादा विधायकों का समर्थन है और जल्दी ही कुछ और हमारे खेमे में आ सकते हैं।

You missed