– मॉर्च्युरी के आगे परिजनों का धरना

जोधपुर।जोधपुर सिलेंडर ब्लास्ट में शुक्रवार दोपहर तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है। 9 लोग आईसीयू में और 9 लोग जनरल वार्ड में भर्ती है। इस हादसे में प्रभावित परिवारों को अब भामाशाहों ने भी संबल दिया है। कई संगठनों के साथ ही कई लोग व्यक्तिगत रूप से भी मदद करने के लिए आगे आए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मृतकों और घायलों के लिए पीएम रिलीफ फंड से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

उधर समाज और पीड़ित परिजनों का 2 दिनों से मॉर्च्युरी के बाहर धरना जारी है। वह राज्य सरकार से विशेष पैकेज की मांग पर अडे़ हैं। इसमें पीड़ित परिवारों के लिए सरकारी नौकरी और प्रत्येक परिवार को विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग कर रहे हैं। दिनभर समाज के साथ ही अन्य लोगों ने धरने को संबोधित किया। बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित अन्य नेता भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे।

पीएम रिलीफ फंड से आर्थिक सहायता की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम रिलीफ फंड से प्रत्येक मृतक​ के लिए 2-2 लाख रुपए और घायलों के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। यह उन्होंने अतिरिक्त पैकेज के रूप में देने के लिए कहा है। पीएमओ से ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई। आर्थिक सहायता की घोषणा के बाद केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है।

राजेंद्र राठौड़ ने की 20 करोड़ के विशेष पैकेज की मांग

विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने एक होटल मे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार को इस मामले में गंभीरता नहीं बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी सीएम अब तक गांव नहीं गए हैं। उन्होंने मांग रखी कि इस बड़ी घटना में 20 करोड़ का विशेष पैकेज जारी होना चाहिए। मृतक को 50 लाख और घायलों को 25 लाख रुपए मिलने चाहिए। इस मौके पर महेन्द्रसिंह भाटी ओसियां ने 11 लाख रुपए और मेघराज सिंह ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 1-1 लाख देने की घोषणा की है।

जस्टिस व्यास ने लिया जायजा

मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस गोपालकृष्ण व्यास ने शुक्रवार को अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायलों की कुशलक्षेम जानी और उनके परिवारजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डॉक्टर्स से घायलों के इलाज के बारे में जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इसके बाद वह शेरगढ़ के भूंगरा गांव भी पहुंचे और दुर्घटना स्थल देखने के साथ ही मृतकों के आश्रितों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि वह राज्य सरकार से आग्रह करेंगे कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना के प्रावधान में शिथिलता करते हुए सहायता राशि को प्रति परिवार से प्रति मृतक आश्रित दिया जाए।

भामाशाह ने की 11 लाख 11 हजार देने की घोषणा
भाजपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह ने 11 लाख 11 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि खुद व्यक्तिगत रूप से पीड़ितों से मिलकर यह सहयोग देना चाहेंगे। उन्होंने अन्य भामाशाहों से भी अपील की है। इससे पहले महंत प्रतापपुरी महाराज, राजवीरसिंह चलकोई, करणीसिंह उचियारड़ सहित अन्य भामाशाहों ने सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया है।

You missed