-बाड़मेर नगर वासियों ने पलक पावड़े बिछा किया स्वागत

-पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज 24 फरवरी से,

-विविध अनुष्ठानों व कार्यक्रमों का होगा आयोजन

बाड़मेर, । धर्म की धन्य-धरा थार नगरी बाड़मेर में 24 से 28 फरवरी के मध्य श्री मज्जिनेन्द्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य व दिव्य आयोजन परम पूज्य अभीक्ष्ण ज्ञानोपयोगी आचार्य श्री 108 वसुनन्दीजी महामुनिराज ससंघ के पावन सानिध्य में कल्याणपुरा के महावीर चौक में होने जा रहा है। जिस कड़ी में आज बाड़मेर नगर की धन्यधरा पर प्रथम बार दिगम्बर आचार्य श्री 108 वसुनंदीजी महामुनिराज ससंघ का मंगल प्रवेश बुधवार को स्थानीय जूना केराडू मार्ग स्थित महावीर स्वामी जिनालय से प्रारंभ हुआ। गुरूजी म्हारो अन्तर्नाद हमने आपो आशीर्वाद, जिनशासऩ के नन्दन कोटि-कोटि वन्दन, जयकारा गुरूदेव का जय-जय गुरूदेव के जयघोष के साथ दिगम्बर आचार्य श्री 108 वसुनंदीजी महामुनिराज ससंघ के नगर प्रवेश पर जैन एवं जैनतर समुदाय ने स्वागत किया। नगर प्रवेश को लेकर नगरवासियों में गुरू भगवतों के प्रति जबरदस्त उत्साह का माहौल नजर आ रहा था। नगर का दृश्य अद्भूत नजर आ रहा था। सम्पूर्ण नगर में तोरणद्वार, र्होडिंग, बैनरों से सजा हुआ नजर आ रहा था। जगह-जगह पर आचार्य भगवंत के स्वागत में गहुंलियां व रंगोलियां बनाई गई।



-इन मार्गो से गुजरी प्रवेश शोभायात्रा-
श्री मज्जिनेन्द्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्रकुमार जैन एवं मुख्य संयोजक मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि प.पू. अभीक्ष्ण ज्ञानोपयोगी आचार्य श्री 108 वसुनंदी महामुनिमहाराज, प. पू. मुनि श्री 108 ज्ञानानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 आत्मानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 निजानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 संयमानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 प्रज्ञानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 शिवानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 प्रशमानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 शुभानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 108 सदानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 105 पूर्णानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 105 विजयानंद जी मुनिराज, प. पू. मुनि श्री 105 श्रुतानंद जी मुनिराज आदि के बाड़मेर नगर प्रवेश की शोभायात्रा मंगलवार को प्रातः 9.00 बजे स्थानीय जूना केराड़ू मार्ग स्थित महावीर स्वामी जिनालय से सामैया के साथ प्रारम्भ हुई। गुरू भगवतों के प्रवेश की शोभायात्रा महावीर स्वामी जिनालय से प्रारम्भ होकर चिन्दड़ियों की जाळ, ढ़ाणी बाजार, करमूजी की गली, दरियागंज, प्रतापजी की प्रोल, कल्याणपुरा, सुभाष चौक होते हुए महावीर चौक पहुंची। युवानों के हाथ में लहराती जिनशासन धर्म ध्वजाएं, मंगल ध्वनियों का वादन करते पदमावती बैंड, महेश बैंड के बैण्ड वादक, शहनाई वादक, काठियावाड़ी नृत्य मंडली, घोड़े, बुलेट सवार और आचार्य भगवंत ससंघ, आर्यिका श्री वर्धस्वनंदनी माताजी संसघ व उनके पीछे-पीछे चलते गुरू महिमा का गुणगान करते, जिनशासन की जय-जयकार करते भक्तजन, श्रावक-श्राविकाए, युवा तथा सिर पर मंगल कलश धारण किए महिला मंडल इस शोभायात्रा में शोभायमान थे। बैंड की धुन एवं ढ़ोल की थाप पर गुरूभक्त युवा वर्ग जगह-जगह पर झूम रहे थे। आचार्य श्री को जहां-जहां से शोभायात्रा गुजरी वहां-वहां नगरवासियों द्वारा बधाया गया। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए स्थानीय महावीर चौक पहुंचकर धर्म सभा में परिवर्तित हो गई।
महोत्सव समिति के प्रचार संयोजक चन्द्रप्रकाश छाजेड़ व सहसंयोजक दीपक बोहरा ने बताया कि धर्मसभा के शुभारंभ चन्द्रप्रभ स्वामी भगवान के चित्र अनावरण कर उनके चित्र के समक्ष राज्य गोसेवा आयोग अध्यक्ष एवं बाड़मेर नगर के लोकप्रिय विधायक मेवाराम जैन, जैन श्रीसंघ बाड़मेर अध्यक्ष प्रकाशचंद वडेरा, तेरापंथ समाज जवेरीलाल जैन, स्थानकवासी समाज के गेनमल गोगड़, प्रतिष्ठा महोत्सव समिति अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जैन, मुख्य संयोजक मुकेश बोहरा अमन, सहसंयोजक प्रवीण सेठिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार जैन व मुख्य संयोजक मुकेश बोहरा ‘अमन’ द्वारा सकल जैन समाज से इस प्रतिष्ठा महोत्सव में तन-मन-धन से जुड़ने व समस्त कार्यक्रमों में उपस्थिति प्रदान करने की आग्रहभरी विनंती की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन कैलाश बोहरा द्वारा किया गया। शोभायात्रा व्यवस्था का संयोजन मदनलाल बोथरा गोडाणी द्वारा किया गया।

-पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज 24 फरवरी से

प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के मुख्य संयोजक मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि थार नगरी बाड़मेर के इतिहास में दिगम्बर जैन समाज के बन रहे प्रथम नूतन जिनालय की प्रतिष्ठा का महोत्सव 24 से 28 फरवरी तक आयोजित होगा। जिसमें विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रंगारंग एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजन होगा। वहीं प्रथम बार बाड़मेर शहर में विद्वान दिगम्बर मुनिराज आचार्यश्री 108 वसुनन्दी जी महामुनिराज ससंघ पधार रहे है। जिनके स्वागत को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही है। महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम महावीर चौक कल्याणपुरा में आयोजित होगा ।