नोहर, 4 अप्रैल। लॉक डाउन के दौरान ललाना दिखनादा गांव के ग्रामीणों के लिये खुशखबर आई है। राज्य सरकार ने ललाना दिखनादा के प्राथमिक उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने के आदेश जारी किये है। उप स्वास्थ्य केन्द्र को क्रमोन्नत करवाने के लिये विधायक अमित चाचाण पिछलें लम्बे समय से प्रयासरत थे। ललाना दिखनादा का उप स्वास्थ्य केन्द्र क्रमोन्नत होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए विधायक अमित चाचाण का आभार व्यक्त किया। उप स्वास्थ्य केन्द्र क्रमोन्नत होने पर आस-पास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को सुविधा होगी। इसके अलावा रोगियों को भी लाभ मिलेगा।

रोगियों को नि:शुल्क जांचे व दवाईया उपलब्ध हो सकेगी। विधायक अमित चाचाण ने पूर्व में इस संबंध में ललाना दिखनादा के उप स्वास्थ्य केन्द्र को क्रमोन्नत करने को लेकर मुख्यमंत्री व चिकित्सा मंत्री को अवगत कराया था। ग्रामीण भी लम्बे समय से मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने विधायक से उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने की मांग की थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने वर्ष 2019-20 के बजट घोषणा में इसकी घोषणा की थी। अब इस संबंध में राज्य सरकार ने उप स्वास्थ्य केन्द्र ललाना दिखनादा को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने के आदेश जारी करते हुए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है।