दिल्ली एम्स में 94 की उम्र में लीं अंतिम सांस, एक पोता सलमान खान के बहनोई हैं

भारत के संचार मंत्री के रूप में ख्याति प्राप्त हुए थे नई दिल्ली/शिमला : पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंडित सुखराम का निधन हो गया है। उनके पोते आश्रय शर्मा ने यह जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। वे 94 वर्ष के थे। सुखराम को 7 मई को नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। पोस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन का समय नहीं बताया गया है।

अलविदा दादाजी, अभी नहीं बजेगी फोन की घंटी
आश्रय शर्मा ने अपने पोस्ट में बचपन की अपने दादा के साथ वाली एक तस्वीर भी साझा की है। पंडित सुखराम के दूसरे पोते आयूष शर्मा हैं, जो बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहन अर्पिता के पति हैं।पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने मंगलवार देर रात फेसबुक पर पोस्ट में लिखा-अलविदा दादाजी, अभी नहीं बजेगी फोन की घंटी। पंडित सुखराम को 4 मई को मनाली में ब्रेन स्ट्रोक होने के बाद मंडी में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में एम्स में बेहतर इलाज के लिए वहां से उन्हें शनिवार को दिल्ली लाया गया।
सीएम ठाकुर ने दिल्ली एम्स भेजने को हेलीकॉप्टर मुहैया कराया था
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें दिल्ली भेजने के लिए 7 मई को सरकारी हेलिकॉप्टर मुहैया कराया था। सुखराम 1993 से 1996 केंद्रीय संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे थे। वे मंडी लोकसभा सीट पर सांसद भी रहे थे। वे पांच बार विधानसभा तथा तीन बार लोकसभा चुनावों में विजयी रहे थे।
भ्रष्टाचार के आरोप में 5 साल की हुई थी सजा
वर्ष 2011 में उनको 5 साल की सजा भी हुई थी। उनपर 1996 में संचार मंत्री रहते भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। 1993 में सुखराम जब मंडी लोकसभा से सांसद थे, तब उनके बेटे इसी सीट से विधानसभा चुनाव जीते थे। लेकिन फिर 1996 में अनिल शर्मा को कांग्रेस से निकाल दिया गया था क्योंकि उनका नाम टेलिकॉम घोटाले में आया था। इसके बाद अनिल ने हिमाचल विकास कांग्रेस पार्टी बनाकर भाजपा से गठबंधन किया था और सरकार में भी शामिल हुए थे। फिर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले सुखराम ने अपने बेटे अनिल शर्मा और पोते आश्रय शर्मा के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सुखराम और आश्रय ने दोबारा कांग्रेस का दामन थाम लिया था।
7 दिनों का शोक मनाएगी हिमाचल कांग्रेस
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि दिग्गज नेता सुखराम के निधन से कांग्रेस और हिमाचल को बड़ा नुकसान हुआ है। प्रदेश कांग्रेस 7 दिन तक शोक मनाएगी। इस दौरान पार्टी का कोई कार्यक्रम प्रदेश में नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वह शोक संतप्त परिवार से मंडी मिलने जाएंगी। एआईसीसी प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने कहा कि पूर्व मंत्री सुखराम के निधन समय कांग्रेस और हिमाचल को नुकसान.हुआ है। उन्हें संचार क्रांति के लिए सदा याद रखा जाएगा।