जयपुर।राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार को 100 दिन पूरे हो गए। अब तक राहुल गांधी राजस्थान में 70 प्रतिशत यात्रा पूरी कर चुके हैं। शुक्रवार को सुबह 6 बजे से दौसा के नांगल राजावतान में मीणा हाईकोर्ट से यात्रा शुरू हुई और यह यात्रा 11 बजे दौसा के गिरिराज धरण मंदिर पहुंचेगी। यही पर भारत जोड़ो यात्रा का विश्राम रहेगा जहां पर सीधे तौर पर लंच ब्रेक होगा। इसके बाद राहुल गांधी हेलिकॉप्टर से जयपुर आएंगे।
भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर शुक्रवार को जयपुर के नए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी है। शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा पहले चरण में यात्रा 22 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा सुबह 6 बजे शुरू हुई और 11 बजे तक पांच घंटे चलेगी। शाम यात्रा का दूसरा चरण नहीं होगा। शुक्रवार की भारत जोड़ो यात्रा में हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और वहां के विधायक भी शामिल होंगे।
भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए जयपुर में शुक्रवार शाम एक म्यूजिक कनसर्ट रखा गया है इसमें सुनिधि चौहान परफॉर्मेंस देगी। इसमें राहुल गांधी और सभी भारत यात्री शामिल होंगे। राहुल गांधी 16 को जयपुर में रात्रि विश्राम करेंगे और 17 दिसंबर को सुबह कैंप में लौटेंगे। 17 दिसंबर को यात्रा का विश्राम रहेगा।
गुरुवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शाम करीब छह बजे पूरी हुई। इस बीच राहुल गांधी लालसोट के बडौली गांव में किसान सोहनलाल बैरवा के घर कुछ देर के लिए चाय पीने रुके। बैरवा के घर पर कुट्टी काटने की मशीन चलाकर देखी। राहुल ने जानवरों के लिए हरा चारा भी काटा। दलित किसान परिवार से खेती के बारे में पूछा, सरकार की योजनाओं के बारे मेंजानकारी ली।