आगरा ।रिंग रोड और लेदर पार्क भूमि अधिग्रहण में हुए घोटाले के दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सदर तहसील में धरने पर बैठे किसानों से मिलने के लिए पश्चिम उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी आगरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया, उनकी पीड़ा जानकर स्थानीय प्रशासन और सरकार को आड़े हाथ लिया। करीब 1 घंटे तक वे सदर तहसील में किसानों के साथ धरने पर बैठे। इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती किसान नेता श्याम सिंह चाहर और उनके साथियों से मिलने के लिए पहुंचे। उन्होंने किसान नेता श्याम सिंह चाहर से वार्ता कर उनके व अन्य साथियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने किसान नेता श्याम सिंह 4 से भूख हड़ताल तोड़ने का भी आग्रह किया जिससे इस लड़ाई को मजबूती के साथ लड़ी जा सके लेकिन किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई ना होने तक भूख हड़ताल जारी रखने की बात कही।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश कांग्रेस किसान के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने अपनी तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की। उनका कहना था कि स्थानीय प्रशासन निरंकुश हो चुका है और सरकार किसानों की सुन नहीं रही है जिससे आज देश का अन्नदाता काफी परेशान है तो वहीं इस सरकार में भ्रष्टाचारियों का बोलबाला है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर मुझे यहां भेजा गया है। इस मामले में मुझसे रिपोर्ट मांगी गई है।