– मोदी-योगी समेत कई ने दी बधाई

रिपोर्ट – अनमोल कुमार

लखनऊ ।समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन यहां सपा मुख्यालय पर धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने शाल पहनाकर आशीर्वाद लिया। इसके अलावा राम गोपाल यादव ने भी शाल पहनाया। वहीं शिवपाल ने मुलायम के पैतृक गांव सैफई में केक काटकर उनका का जन्मदिन मनाया। मुलायम ने कहा कि जिस तरह हमारा जन्मदिवस मनाया जा रहा है, उसी तरह गरीबो का जन्मदिन मनाया जाए। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जन्मदिन मनाने के लिए बधाई दी। इसी के साथ पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई सियासी दिग्गजों ने सपा संस्थापक को बधाई दी।
इस मौके पर मुलायम सिंह ने कहा-नौजवानों में जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है। यह जोश परिवर्तन की क्रांति लाएगा। समाजवादी पार्टी परिवर्तन की राजनीति कर रही है। आप लोग परिवर्तन की राजनीति को कामयाब बनाएं। उन्होंने कहा कि हम जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे। मैं चाहता हूं कि इसी तरह से सभी गरीबों का जन्मदिन मनाया। उन्होंने कहा कि आप लोग इतनी बड़ी जन्मदिन मनाने आए हैं, आप लोगों का स्वागत है। बहुत-बहुत धन्यवाद और सबको बधाई।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, आप सांसद संजय सिंह समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की।
– पीएम ने कहा-स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
– बधाई, प्रभु श्री राम से उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं: योगी
यूपी के सीएम योगी ने पूर्व रक्षा मंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट किया, ”उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।”
– आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें : केशव मौर्य
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी पूर्व सीएम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुलायम सिंह की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ”उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा सपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री मुलायम सिंह यादव जी आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।

– हार्दिक शुभकामनाएं, ईश्वर स्वस्थ व दीर्घायु रखें : गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वरिष्ठ सपा नेता को बधाई देते हुए लिखा, ”उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं।

You missed