बीकानेर। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (ट्रस्ट) द्वारा चलाया जा रहा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को रानी बाजार स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ पीठाधीश्वर सिंह स्थल पीठ श्रीश्री 1008 क्षमारामजी महाराज, मुख्यवक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम, मुख्य अतिथि नरसी कुलरिया व कार्यक्रम अध्यक्ष टेकचंद बरडिय़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने कहा कि अयोध्या में जो राम मंदिर बन रहा है वो संपूर्ण भारतीय समाज की भावनाओं से बनने वाला राष्ट्र मंदिर है जिसमें देश विदेश में रहने वाला संपूर्ण भारतीय समाज जुडऩे वाला है। अयोध्या का राम मंदिर भारत ही नहीं संपूर्ण विश्व की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में प्रतिस्थापित होगा। यह अभियान संपूर्ण विश्व का सबसे बड़ा जनसंपर्क अभियान होने जा रहा है। निम्बाराम ने समाज के प्रबुद्ध लोगों से आगामी 15 फरवरी तक इस अभियान में जुटने का आह्वान किया। क्षमारामजी महाराज ने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रप्रेम भगवान की भक्ति का ही अंग है और यह राम मंदिर उसका साक्षात प्रतीक है, भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन धर्म का प्रतीक है, इस अभियान में संपूर्ण समाज को जागृत कर पुनीत कार्य में लगाना है।
मुख्य अतिथि नरसी कुलरिया ने कहा कि आज राम मंदिर के सहयोग में सहभागी बनकर अपने आपको सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूँ। प्रभु श्रीराम की कृपा व पूर्वजों आशीर्वाद से हमे आज जो मिला है, उसमें से अपने यथायोग्य अनुसार प्रभु श्रीराम के मंदिर निर्माण में जरूर सहयोग करना चाहिये।
कार्यक्रम में बीकानेर के भामाशाहों का सम्मान किया गया जिनमें नरसी कुलरिया, बीकाजी ग्रुप, पवन सिंघानिया, अशोक मोदी, गणेश बोथरा, जयचंदलाल डागा, महावीर रांका, शांतिलाल रांका, चंपालाल डागा, डॉ. आर. पी. गुप्ता, गुमानसिंह राजपुरोहित, भंवरसिंह बिलोचिया, राजेन्द्रसिंह बिका का क्षमारामजी महाराज ने दुप्पटा पहनाकर सम्मान किया।

