

जयपुर। भाजपा की राजस्थान कोर कमेटी की बैठक बुधवार शाम प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर हुई। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने 19 से 21 मई तक जयपुर में होने वाली भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। साथ ही राजस्थान के भाजपा नेताओं को विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव-2024 के टास्क पर भी चर्चा हुई। यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण रही, क्योंकि देशभर के 150 भाजपा नेता राजस्थान में तीन दिन कैंप करेंगे। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों, राजस्थान में विधानसभा चुनाव-2023 के मुद्दे और प्रदेश के हालातों पर पूरी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को दी जानी है। इसके साथ ही अरूण सिंह और पूनिया ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर नेताओं की अलग से बैठक भी ली। सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम 20 मई को है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी संबोधित करेंगे। कोर कमेटी की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राज्यसभा सांसद और पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, कनकमल कटारा, सीपी जोशी, विशेष आमंत्रित सदस्यों में राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह,राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर शामिल रहे। हालांकि केन्द्रीय मंंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद भूपेन्द्र यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और लोकसभा सांसद भारती बेन शियाल बैठक में शामिल नहीं हुए।


वसुंधरा राजे करीब 40 मिनट देरी से बैठक में शामिल हुईं। भाजपा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया जयपुर के दिल्ली रोड पर आमेर विधानसभा क्षेत्र में कूकस स्थित होटल लीला पैलेस में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। जेपी नड्डा 19 मई को शाम 4 बजे एयरपोर्ट आएंगे। जयपुर एयरपोर्ट से लेकर आमेर में कार्यक्रम स्थल तक उनका भव्य स्वागत होगा। इसके लिए 75 स्वागत गेट बनाए जा रहे हैं। जो आजादी के 75वें अमृत महोत्सव को दर्शाएंगे। सभी स्वागत गेटों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केन्द्र सरकार की योजनाएं प्रदर्शित होंगी। इसके अलावा जवाहर सर्किल, गांधी सर्किल, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा, खोले के हनुमानजी मंदिर और कुंडा चौराहा पर राजस्थानी संस्कृति से नड्डा का स्वागत करेंगे। सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों का राजस्थानी संस्कृति से स्वागत-अभिनंदन होगा। राष्ट्रीय पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर एग्जीबिशन लगाई जाएगी। इसमें भाजपा की विकास यात्रा और मोदी सरकार की जन कल्याण की योजनाएं डिस्प्ले की जाएंगी। 20 मई को केन्द्र के तय एजेंडा के मुताबिक सुबह से शाम तक बैठकें होंगी। पीएम नरेंद्र मोदी 20 मई को वर्चुअली राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कार्यक्रम स्थल पर संबोधन देंगे। इसके बाद नड्डा 20 मई की शाम को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सुंदर सिंह भंडारी की स्मृति में प्रकाशित स्मारिका का विमोचन करेंगे और इंटेलेक्चुअल्स (प्रबुद्धजनों) से संवाद करेंगे।