छठाआयुर्वेद दिवस 2 नवंबर 2021 को धन्वंतरि त्रयोदशी के अवसर पर मनाया जाएगा

जयपुर ( ओम एक्सप्रेस )। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रो टाइम वाईस चान्सलर प्रो. मीता कोटेचा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने छठे आयुर्वेद दिवस को मनाने के लिए राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान(एनआईए), मानद विश्वविद्यालय, (डी-नोवो) को नोडल संस्थान के रूप में नामित किया है। इस अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। संवाददाता सम्मेलन का समन्वयन डॉ. पुनीत चतुर्वेदी ने करते हुए संवाददाताओं को राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। एनआईए उपकुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने इस अवसर पर बताया कि छठे आयुर्वेद दिवस की थीम “पोषण के लिए आयुर्वेद” है, इस कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष, बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मन्त्री सर्वानंद सोनोवाल, केंद्रीय आयुष एवम महिला व बाल विकास राज्य मंत्री डॉ महेंद्रभाई मुंजापरा के साथ-साथ आयुष मंत्रालय भारत सरकार के अधिकारी इस अवसर की शोभा बढ़ायेगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा के भी उपस्थित रहने की संभावना है। आयुर्वेद दिवस समारोह में, “पोषण के लिए आयुर्वेद” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी 1 नवंबर 2021 को आयोजित की जाएगी। डाक्यूमेंट्स और लघु फिल्मों का विमोचन 2 नवंबर 2021 को किया जाएगा। आयुष एक्सपो 1 और 2 नवंबर 2021 को आयोजित किया जाएगा । इन कार्यक्रमों का आयोजन राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, मानद विश्वविद्यालय (डी-नोवो) द्वारा किया जाएगा।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, मानद विश्वविद्यालय (डी-नोवो), आयुष मंत्रालयके निर्देशानुसार दिनांक 26 जुलाई 2021 से विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजित कर रहा है , जो आयुर्वेद दिवस के 100 दिनों को चिह्नित करता है। इस वर्ष, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, आयुर्वेद से स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए अद्वितीय विचारों के साथ आया है और विभिन्न प्लेटफार्मों पर आयुर्वेद दिवस समारोह के 100 दिनों के हिस्से के रूप में 26 जुलाई 2021 से निम्नलिखित गतिविधियों का आयोजन कर रहा है।

1. माई एफएम (फ्रीक्वेंसी 94.3, जयपुर) और रेडियो सिटी (फ्रीक्वेंसी 91.1, जयपुर) पर दैनिक क्विज का आयोजन किया गया जिसमे एनआईए में विशेषज्ञ टीम द्वारा तैयार किए गए आयुर्वेद सम्बंधित सवाल जनता से पूछे गए थे । विजेताओं को पुरस्कार के रूप में विशेष आयुष किट प्रदान की गई। रेडियो क्विज में अब तक 100 से अधिक लोगों ने पुरस्कार जीते हैं।
2. ऑल इंडिया रेडियो पर डेली रेडियो टॉक (फ्रीक्वेंसी 100.3, जयपुर): “आरोग्यम” नाम का टॉक शो रोजाना शाम 5:30 बजे प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें संस्थान के विशेषज्ञ विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी साझा करते हैं, कार्यक्रम के दौरान प्रश्न पूछा जाता हैं। विजेता को एक आकर्षक उपहार प्रदान किया जाता है।
3. छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए संस्थान द्वारा एक अद्वितीय खेल आयोजन “धरोहर” – लौट चले बचपन की और का आयोजन किया गया। इसके पीछे विचार हमारे पुराने खेलों जैसे गिट्टे, सितोलिया, स्टेपू, गुलेल आदि को पुनर्जीवित करना था। ये खेल अद्वितीय हैं क्योंकि शारीरिक के साथ-साथ वे मानसिक स्वास्थ्य को भी लक्षित करते हैं उदाहरण के लिए गिट्टे एक ऐसा खेल है जो हाथ से आँख के समन्वय और एकाग्रता को बढ़ाता है।
4. राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर, आसपास के विभिन्न स्थानों पर चल चिकित्सा शिविर भी आयोजित कर रहा है। इन शिविरों में चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी, खेल आदि जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।
5. आयुर्वेद के छात्रों के साथ-साथ आम जनता के लिए भी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता और फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
6. पाक कला प्रतियोगिता “नलपाक” का आयोजन किया गया, जहां व्यंजनों को ऑनलाइन आमंत्रित किया गया और आयुर्वेदिक आहार सिद्धांतों के आधार पर जांच की गई।
7. स्कूल कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के छात्रों को आकर्षित करने वाले विषयों पर जानकारी साझा की जाएगी। कक्षा 5 से 7 के विद्यार्थीयों को दिनचर्य और एकल जड़ी-बूटियों के बारे में, कक्षा 8-9वीं के विद्यार्थियों को विरुद्ध आहार, किशोर स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वास्थ्य आदि के बारे में तथा कक्षा 10-13 के विद्यार्थियों को आयुर्वेद में करियर के अवसरों के बारे में बताया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उपकुलपति प्रो शर्मा ने बताया कि संस्थान में नियमित रूप से प्रातः योग कक्षाएं सभी के लिए आयोजित की जाती है। कोरोना काल के बाद लोगों में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में विश्वास बढ़ा है। एनआईए का डीम्ड विश्वविद्यालय बनने के बाद स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री में सीटों में वृद्धि हुई है तथा 6 नए पीजी कोर्स शुरू किए गए हैं। एनआईए के प्रवक्ता डॉ. सीआर यादव ने आगन्तुक सभी मीडिया प्रतिनिधियों को संस्थान परिवार सदस्य बताते हुए समय समय आयुर्वेद के बेहतरीन कवरेज के लिए आभार प्रकट किया। तथा बताया कि अब एनआईए के डॉ. राकेश नागर प्रवक्ता होंगे।