बीकानेर। भीनासर नोखा रोड स्थित अर्हम इंग्लिश एकेडमी के 25वें वर्ष में प्रवेश के साथ ही पूरे वर्ष को अर्हम् वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। शाला सचिव सुरेन्द्र कुमार डागा ने बताया कि अर्हम् वर्ष का आगाज 27 जनवरी शुक्रवार को दोपहर 3:30 बजे स्कूल परिसर में होने जा रहा है। डागा ने बताया कि अर्हम् वर्ष आगाज कार्यक्रम में जैनाचार्य लोकेश मुनि, कालीपुत्र कालीचरण महाराज, दाताश्री रामेश्वरानंदजी का सान्निध्य मिलेगा। शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी फारुख अफरीदी, सहायक शासन सचिव प्रशासन मेघराजसिंह पंवार, राज्य स्तरीय अभिभावक संघर्ष समिति के संयोजक योगाचार्य मनीष विजयवर्गीय जयपुर व आर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के डॉ. आरएन बजाज का आतिथ्य रहेगा। संस्था की एमडी रमा डागा ने बताया कि विद्यार्थियों को धर्माचायों की मंगलवाणी सुनने को मिलेगी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ अर्हम् वर्ष का आगाज होगा। कार्यक्रम में बाबा रामदेव मंदिर मसूरिया जोधपुर के अध्यक्ष नरेन्द्र चौहान एवं पर्यटन संस्कृति मंत्रालय के सदस्य महावीर कांकरिया जोधपुर, रामरतन धारणिया व मनीष जाजड़ा बीठनोक आदि शख्सियत भी शामिल रहेंगी।
बीकानेर में पहली बार आचार्य लोकेश का होगा आगमन
सुरेन्द्र कुमार डागा ने बताया कि विश्व शांतिदूत आचार्य डॉ लोकेशजी पहली बार बीकानेर पहुंच रहे हैं। आपको बता दें जैनाचार्य डॉ लोकेशजी का वाहन विहार स्वीकार करने के बाद अपनी जन्म, शिक्षा-दीक्षा भूमि राजस्थान बीकानेर में पहली बार आगमन हो रहा है। उल्लेखनीय है कि 1983 में आचार्य तुलसी के कर कमलों से दीक्षित आचार्य लोकेश ने सन् 2005 में वाहन विहार स्वीकार कर अहिंसा विश्व भारती संस्था की स्थापना की थी। मौजूदा समय में वे पूरी दुनिया में अहिंसा शांति सद्भावना तथा भारतीय संस्कृति व जैन धर्म का प्रचार करने वाले विख्यात संत है। पिछले दिनों वे अमेरिका, कनाडा और कजाखिस्तान की विश्व शांति यात्रा सम्पन्न कर भारत लौटे थे।