चंडीगढ़। पंजाब की लोक इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष और लुधियाना के विधायक सिमरजीत सिंह बैंस पर लुधियाना जिले की एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। बैंस पर आरोप है कि गिरवी रखे घर का मामला सुलझाने के लिए उन्होंने महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर को दी। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर रूरल कंवरदीप कौर को सौंप दी है। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं विधायक ने खुद पर लगे आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। महिला ने बताया कि उसने पिछले साल गिल गार्डन के पास 75 गज का मकान खरीदा था। डीलर को 11 लाख रुपये नकद दिए गए थे और बाकी के दस लाख का लोन करवाकर पेमेंट की थी। मकान लेने के करीब एक महीने बाद उसके पति की मौत हो गई। इससे लोन की करीब छह किस्तें रह गई। डीलर ने बैंक वालों को उसके घर और कभी जहां वह नौकरी करती थी, वहां भेजना शुरू कर दिया। इससे वह परेशान हो गई थी। इस दौरान लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ईश्वर नगर इलाके में बैठक करने आए। वहां उसकी मुलाकात विधायक के साथ हुई। उसने सारी बात बैंस को बताई तो बैंस ने उसे अपने दफ्तर आने के लिए कहा। दफ्तर में उसे छोटे कमरे में बिठाया गया। वहां विधायक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह जब भी अपनी फरियाद लेकर जाती, उसके साथ दुष्कर्म किया जाता। महिला ने आरोप लगाया कि बैंस ने अपने दफ्तर के पड़ोस में रहने वाली महिला के घर बुलाकर वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया था। बैंस उसे लगातार आश्वासन दे रहे थे कि डीलर उसे पैसे दे देगा और वह उसका पूरा हल करवाकर ही रहेंगे। बाद में उसे डीलर ने बताया कि बैंस ने उसे पैसे देने से मना किया था। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने डीलर के साथ उसका विवाद खत्म करवा दिया था लेकिन बैंस की तरफ से उसे लगातार संदेश आ रहे हैं।
“”शिकायत आ चुकी है। महिला को बुलाया गया है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि आरोप कितने सही हैं या गलत। उसके बाद ही आगे जांच बढ़ाई जाएगी।”” – कंवरदीप कौर, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर, रूरल