जैतारण/पाली. जैतारण थाना क्षेत्र के निंबोल गांव में अज्ञात हत्यारों ने वृद्ध दंपती की चाकू से वार कर हत्या कर दी। दंपती के शव घर में ही मिले। शव पर चाकू के वार मिले हैं। मौके पर एक चाकू भी मिला है। खून से लथपथ शव को देखकर ग्रामीण भी चौक गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल हत्यारों का सुराग नहीं लगा है।
पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि निंबोल के दर्जियों का मोहल्ला निवासी छोटू राम दर्जी व उनकी पत्नी तारा देवी गांव में अपने घर में अकेले ही रहते थे। उनके 3 पुत्र मुंबई रहते हैं। रविवार रात करीब 9 बजे उनके घर में शव खून की लथपथ हालत में ग्रामीणों ने देखे।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शरीर पर चाकू के कई बार के निशान मिले हैं। मौके से एक चाकू भी बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया इनकी हत्या लूट की नियत से होना सामने आ रहा है। सूचना पर जैतारण पुलिस उपअधीक्षक विरेंद्र सिंह, थानाधिकारी रविंद्र सिंह खींची व जैतारण सर्किल की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर एफएसल टीम व डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। मकान में कुछ रुपए बिखरे हुए मिले हैं। साथ ही दंपती के जेवरात भी पहने हुए है।


3 अलमारी में से एक खुली मिली, लूट का अंदेशा

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मकान में तीन अलमारियां है, इनमें से एक अलमारी खुली मिली है। प्रथम दृष्टया मामला लूट की नियत से या रंजिश के चलते हत्या का हो सकता है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। दंपती के रहन-सहन व शाम को मिले लोगों के बारे में ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि शीघ्र ही मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।

विधायक ने की एसपी से बात, जयपुर से रवाना

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जैतारण विधायक अविनाश गहलोत ने पुलिस अधीक्षक शर्मा से मोबाइल पर बात की और घटना की जानकारी ली। साथ ही वारदात के शीघ्र राज फाश करने की बात कही। एसपी ने विधायक को बताया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी। विधायक गहलोत रविवार रात को जयपुर से रवाना हो गए। वे सोमवार सुबह घटनास्थल पर जाएंगे। वे ग्रामीणों से बात करेंगे।

लगातार बुजुर्ग निशाने पर

जैतारण क्षेत्र में लगातार वर्द्ध जन लूटेरो व हत्यारों के निशाने पर है। गत दिनों हाजी वास में वृद्ध महिला की कंठी लूट कर हत्या कर दी थी। हाल ही में इस मामले का राजफाश पुलिस ने किया था। अब फिर वृद्ध दंपती की हत्या होने से पुलिस की चुनौतियां बढ़ गई है। क्षेत्र वासियों में दहशत है।(PB)