अबोहर, (शर्मा)। बजरंग दल हिंदुस्तान द्वारा विदेशों में बैठकर पंजाब में देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अभियान की शुरूआत करने हेतु स्थानीय श्री अरोड़वंश धर्मशाला में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें बजरंग दल हिंदुस्तान के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हितेश भारद्वाज विशेष तौर पर शामिल हुए। पत्रकाराें के साथ देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘से नो खालिस्तान’ पर बातचीत करते भारद्वाज ने कहा कि आतंकवादियों के साथ संबंध रखने वाले कुछ शरारती तत्वों द्वारा पंजाब में हालात खराब करने की कोशिश की जा रही है। जबकि राज्य के मुख्यमंत्री व डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता सहित समस्त अधिकारियों द्वारा रैफरेंडम-2020 की कमर तोड़ दी है। लेकिन फिर भी कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पंजाब का माहौल खराब करने के लिए देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है।

जिसके तहत हल्का बल्लुआना के गांव मलूकपुरा में खालिस्तान के पोस्टर लगाने की घटना को अंजाम दिया गया। जिसकी बजरंग दल पुरजोर निंदा करता है और ऐसे देश विरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान चलाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में हिंदु-सिख एकता को बरकरार रखते माहौल खराब नही होने दिया जाएगा। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप सोनी, राष्ट्रीय प्रचारक परमदीप भादू, जिला अध्यक्ष सुभाष जुनेजा, अबोहर के युवा विंग के प्रधान संजीव कुमार तेलूपुरा, दुर्गावाहनी जिला प्रधान सुमन रानी, जिला मीडिया प्रभारी महेंद्र कंबोज, ब्लॉक मीडिया प्रभारी संदीप कुमार, मंदीप कुमार आदि मौजूद थे।