_पीएम मोदी ने जताया शोक, दी श्रद्धांजलि
_राहुल-प्रियंका के साथ कांग्रेस अध्यक्ष विदेश में ही हैं

नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का इटली में 27 अगस्त को निधन हो गया था और मंगलवार को अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। फिलहाल सोनिया गांधी भी विदेश में हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी सोनिया गांधी की मां के निधन की पुष्टि करते हुए ट्वीट कर यह जानकारी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी की मां के निधन पर शोक जताया और श्रद्धांजलि दी है।

बता दें कि सोनिया गांधी 24 अगस्त को ही देश से बाहर अपने इलाज के लिए गई थीं। उनके साथ प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी गए थे।
कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने बताया था कि सोनिया गांधी इलाज के लिए विदेश गई हैं और इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ रहेंगे।जयराम ने बताया था कि इस दौरान वह अपनी बीमार मां का हाल-चाल लेने के लिए भी जाएंगी और उसके बाद ही दिल्ली लौटेंगी। इसका मतलब मां के निधन से पहले संभवत: सोनिया गांधी ने उनसे मुलाकात की थी और उनका हालचाल जाना था। हालांकि अब तक सोनिया गांधी की मां की मौत और उनके अंतिम संस्कार के बारे में फिलहाल और अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
श्रद्धांजलि, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे : पीएम मोदी
सोनिया गांधी की मां के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शोक संदेश दिया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि सोनिया गांधी जी की मां पाओला माइनो के निधन पर मेरी श्रद्धांजलि, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। दुख की इस घड़ी में उनके पूरे परिवार के साथ मेरी सांत्वना है।