भक्ति शर्मा दुनिया के सभी 5 महासागरों की विजेता घोषित
भक्ति शर्मा दुनिया के सभी 5 महासागरों की विजेता घोषित
भक्ति शर्मा दुनिया के सभी 5 महासागरों की विजेता घोषित

उदयपुर। जलपरी नाम से प्रसिद्ध लेकसिटी की 25 वर्षीय भक्ति शर्मा ने एक डिग्री बर्फीले तापमान में 1.4 मील की दूरी 52 मिनट में तैरकर एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। ब्रिटिश तैराक चैम्पियन लुईस गॉर्डन पुग और लीनी कॉक्स के बाद लंबी दूरी की तैराकी के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए भक्ति ने अन्टार्कटिका प्रायद्वीप के बर्फीफे पानी में यह रिकॉर्ड बनाया। भक्ति शर्मा को अंटार्कटिका महासागर में एक डिग्री तापमान में 1.4 मील की दूरी 52 मिनट में पूर्ण करने वाली विश्व की सबसे कम उम्र की पहली लड़की होने का गौरव हासिल हो गया है। इस खिताब के साथ भक्ति शर्मा दुनिया के सभी 5 महासागरों की विजेता घोषित हो गयी है। हिन्दुस्तान जिंक ने भक्ति शर्मा को इस विश्व रिकॉर्ड को बनाने के लिए प्रायोजित किया था। साथ ही सालभर के लिए अनुबंधित भी किया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिलेश जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमें बेहद खुशी है कि भक्ति शर्मा ने ओपन वाटर तैराकी में अपना नाम सुनहरे अक्षरो में दर्ज करवा दिया है। यह कीर्तिमान इसलिए भी विशेष है कि यह एक भारत की बेटी ने बनाया है। इस कीर्तिमान से भारत की लाखों बालिकाओं को तैराकी को खेल के रूप में अपनाने के लिए लिए प्रोत्साहन मिलेगा। ढाई साल की उम्र से संघर्ष भक्ति शर्मा ने ढाई साल की उम्र से तैराकी की शुरूआत की थी और गत 10 वर्षों से ओपन वाटर तैराकी-तालाब, नदियों, समुद्रों एवं महासागर में तैरने में महारत हासिल की है। भक्ति का ओपन तैराकी में विश्व की सबसे छोटे उम्र की चार महासागर, आठ चैनल एवं समुद्रों में तैराकी करने का विश्व रिकॉर्ड है। यह रिकार्ड उसने 2004 से 2010 के मध्य में बनाया। ओपन वाटर तैराकी के क्षेत्र में भक्ति को सन् 2010 में राष्ट्रपति द्वारा टेन्जिंग नॉर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड से पुरस्कृत किया गया। सन् 2006 में राजस्थान सरकार ने भक्ति शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया था।