camel_festival_2015
camel_festival_2015
ऊंट उत्सव :लिलिपोंड में होगा दीपदान, पर्यटकों के लिए नि:शुल्क बसों की व्यवस्था

बीकानेर । जिला कलक्टर आरती डोगरा ने कहा कि ऊंट उत्सव (4 व 5 जनवरी ) को यादगार व सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, होटल व्यवसायी, आमजन व स्वयंसेवी संगठन समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे बीकानेर राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना सके। डोगरा गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ऊंट उत्सव के आयोजन के सम्बन्ध में तैयारी बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि ऊंट उत्सव के दौरान शहर साफ रहे, साथ ही शोभायात्रा के मार्ग व स्टेडियम की सफाई भी समय रहते कर ली जाए। उन्होंने  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि स्टेडियम में ऊंट उत्सव के दोनों दिन शाम को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अग्नि नृत्य के दौरान अव्यवस्था न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इस सम्बन्ध में बेरिकेटिंग आदि लगवा दी जाए।  डोगरा ने कहा कि पर्यटकों, विशिष्ट जनों, पत्रकारों व आमजन के बैठने के स्थान चिन्हित हों तथा स्टेडियम में पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, छाया आदि की पुख्ता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। पुलिस व यातायात विभाग तालमेल के साथ कानून व्यवस्था व यातायात व्यवस्था का उचित संधारण करें। नगर विकास न्यास द्वारा स्टेडियम व अन्य प्रमुख भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाए तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस मय चिकित्साकर्मी उपलब्घ करवाई जानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी को निर्देश दिए कि वे 3 जनवरी को सभी व्यवस्थाओं का पुन: जायजा लें।

नि:शुल्क बस व्यवस्था  4 जनवरी को प्रात: 7 बजे पर्यटक स्वागत केन्द्र, ढोलामारू से पर्यटकों के लिए रायसर में आयोजित होने वाली कैमल सफारी के लिए बसों की नि:शुल्क व्यवस्था की जाएगी। 
संग्रहालय में नि:शुल्क प्रवेश
 डोगरा ने बताया कि ऊंट उत्सव के दोनों दिन, पहली बार श्री गंगा राजकीय संग्रहालय में प्रात: 10 से शाम 5 बजे तक देशी – विदेशी पर्यटकों तथा आमजन का नि:शुल्क प्रवेश रहेगा। 
भव्य होगी शोभा यात्रा
 जिला कलक्टर ने बताया कि 4 जनवरी को प्रात: 11.30 बजे जूनागढ़ के आगे से शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा में 50 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा 100 छात्राएं पारम्परिक वेशभूषा में मंगल कलश लिए शामिल होंगी। शोभायात्रा में सुसज्जित ऊंटगाडों पर सवार लोक कलाकार अपने वाद्य यंत्रों- अलगोजा, भपंग, बीन आदि के साथ लोकगीतों तथा लोकनृत्यों की प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर भटिण्डा बैंड के द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी। शोभा यात्रा में मोटर साइकिल सवारों का समूह भी होगा। दोपहर 12.30 बजे डॉ. करणीसिंह स्टेडियम पहुॅंच कर सम्पन्न होगी। 
आकर्षक रहेगा दीपदान कार्यक्रम
 डोगरा ने बताया कि 4 जनवरी को शाम 6 बजे लिलि पोण्ड में दीपदान का कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने न्यास अधिकारियों को निर्देश दिए कि लिलि पोण्ड में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि लिलिपोण्ड में पत्तों के दोनों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, साथ ही नावों के द्वारा पानी के मध्य में  भी दीपदान किया जाएगा। 
होंगे विभिन्न आयोजन ऊंट उत्सव के दोनों दिन पर्यटकों व स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में राष्ट्रीय उष्ट्र अनुंसधान केन्द्र द्वारा  दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक उष्ट्र उत्पादों की प्रदर्शनी व उत्पाद बिक्री की स्टॉलें लगाई जाएंगी। जूनागढ़ के सामने क्राफ्ट बाजार में  प्रात: 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक खाद्य पदार्थों व विभिन्न कलात्मक वस्तुओं की स्टालें लगाई जाएंगी। सेठ तोलाराम बाफना स्कूल में प्रात: 8.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक फड़ पेंटिंग के सम्बन्ध में कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें चित्तौडगढ़ से आये चित्रकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। होटल लक्ष्मी निवास में प्रात: 8 से 9 बजे तक योग कैम्प का आयोजन किया जाएगा, जो नि:शुल्क रहेगा। जूनागढ़ परिसर में प्रात: 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। दोनों दिन रात्रि में आतिशबाजी कार्यक्रम भी होगा। 
ऊंट नृत्य की दोनों दिन होगी प्रस्तुति ऊंट उत्सव में ऊंट नृत्य प्रतियोगिता दोनों दिन आयोजित की जाएगी, साथ ही ऊंट सज्जा व ऊंट फर कटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। एसबीबीजे द्वारा दोनों दिन कैमल बैंक के माध्यम से विदेशी मुद्रा विनिमय काउन्टर लगेगा। 
विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं 5 जनवरी को देशी व विदेशी पर्यटकों के बीच खो-खो, रस्साकशी, महिला मटका दौड़, महिला म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं होंगी। विदेशी पर्यटकों के लिए साफा बाधने की प्रतियोगिता होगी। ग्रामीण कुश्ती प्रतियोगिता व कबड्डी मैच का भी आयोजन किया जाएगा। डोगरा ने कहा कि इन महिला प्रतियोगिताओं में शहर की विभिन्न महिला संगठनों की कार्यकर्ता तथा सेना के अधिकारियों व कर्मचारियों की पत्नियां भी अधिकाधिक संख्या में शामिल हों, इसके लिए प्रयास किए जाएं। 
ये रहेगा कार्यक्रम
 4 जनवरी को रायसर में पर्यटकों के लिए नि:शुल्क कैमल सफारी का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन शोभा यात्रा, डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में उद्घाटन कार्यक्रम, आर्मी बैंड वादन, ऊंट सज्जा व ऊंट फर कटिंग प्रतियोगिता, आरएसी बैंड वादन, ऊंट नृत्य प्रतियोगिता, मिस मरवण व मिस्टर बीकाणा प्रतियोगिता, लिलि पोण्ड में दीपदान, राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी का आयोजन होगा। 5 जनवरी को डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में देशी व विदेशी पर्यटकों (पुरूष वर्ग व महिला वर्ग ) के बीच खो-खो व रस्साकशी प्रतियोगिताएं, ग्रामीण कुश्ती प्रतियोगिता व कबड्डी मैच, विदेशी पर्यटकों के लिए साफा बाधने की प्रतियोगिता, ऊंट नृत्य प्रतियोगिता, देशी व विदेशी महिलाओं के लिए मटका दौड़ व म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं, पुरस्कार वितरण, पांच राज्यों से आये 112 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति, अग्नि नृत्य व आतिशबाजी का कार्यक्रम होगा।  बैठक में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (शहर), देवेन्द्र विश्नोई, उपखण्ड अधिकारी नमित मेहता, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक अजय शर्मा, निगम आयुक्त ज्ञानमल खटीक, जिला उद्योग अधिकारी प्रेम सिंह राठौड़, संग्रहालय वृत्त अधीक्षक जफरउल्लाह खान, तहसीलदार नरेश जोशी, खेल अधिकारी जसबीर सिंह, कर्नल हेम सिंह, हनुवंत सिंह, आनन्द व्यास, सीताराम कच्छावा, फोटोग्राफी एसोसिऐशन के अजीज भुट्टा सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।