झालावाड़ । पीपानंद सत्संग सेवा समिति के द्वारा संत झंकारेश्वरदास त्यागी महाराज को सिंहस्थ में 1008 पीपा पीठाधीश्वर की उपाधि मिलने पर उनके सम्मान में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा झिरी के महादेव से प्रारंभ होकर मंगलपुरा चौराहा, गढ़ परिसर, बड़ा बाजार होते हुए तेजाजी चौक पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में संत झंकारेश्वरदास त्यागी महाराज बग्घी में चल रहे थे। आगे-आगे चल रहे घुड़ सवार हाथों में धर्म पताकाएं लिए शोभायात्रा का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इसके पीछे बैंड बाजों की डीजे की धुन पर युवा महिलाएं भक्ति से सरोबार नृत्य करते हुए चल रहे थे। इससे माहौल धर्ममय हो गया। शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
देशभर से पहुंचे लोग
पीपा क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश बडगुजर ने बताया कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारी जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, नोखा ,बाड़मेर तथा देश भर से पीपाधाम पहुंचे, उन्होंने त्यागी जी का स्वागत व अभिनन्दन किया।
भंडारे में प्रसादी ग्रहण के लिए उमड़ी भीड़
संत की शोभायात्रा के बाद पीपाजी धाम पर भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें प्रसादी ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भंडारा देर रात चला। संत के सम्मान में निकाली शोभायात्रा में बाहर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सिद्धीश्री गढ़़ सेवा समिति ने किया स्वागत
शोभायात्रा का मार्ग में यू तो जगह-जगह स्वागत हुआ, लेकिन जब शोभायात्रा गढ परिसर पहुंची तो यहां सिद्धी श्री गढ़ गणपति सेवा समिति ने पुष्प वर्षा, श्री फल माल्यार्पण कर संत और शोभायात्रा का स्वागत किया। इस मौके पर समिति के मयंक शर्मा, मिहिर शर्मा, लोकेश शर्मा, नीतिश शर्मा, विवेक दुबे, अजय शर्मा ने स्वागत किया।