जयपुर। प्रदेश भाजपा की 26 जुलाई को होने जा रही कार्यसमिति से पहले संगठन में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट है। माना जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व से निर्देशों के बाद अब निष्क्रिय पदाधिकारियों सहित करीब एक दर्जन पदाधिकारियों में बदलाव किया जाएगा।
इसके साथ ही इसमें एक व्यक्ति एक पद फार्मूले का भी ध्यान रखा जाएगा। साथ ही अब तक खाली चल रहे प्रदेश पदाधिकारियों के पद भर दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार नए प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना के दौरे के बाद ही पार्टी में इसकी कवायद शुरू हो गई है। खन्ना खुद प्रदेश नेतृत्व को पद भरने और राजनीतिक नियुक्तियों के निर्देश दे चुके हैं। सूत्रों के अनुसार भाजपा की प्रदेश टीम में पांच नए नामों को जगह मिल सकती है।
पार्टी उपाध्यक्ष का एक पद और कोषाध्यक्ष पद पहले से खाली चल रहा था। और सांसद संतोष अहलावत भी संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पा ही हैं।
वर्तमान टीम में बाबूलाल वर्मा और अनिता भदेल मंत्री बन चुके है। इसके अलावा महेन्द्र बोहरा पाली में चेयरमैन बन चुके हैं।
इनके अलावा विधायक मोहनलाल गुप्ता भी पार्टी कार्यालय में कम ही नजर आते हैं।
मोर्चो की बात करें तो अल्पसंख्यक मोर्चे में अमीन पठान के स्थान पर नई नियुक्ति की जानी है और युवा मोर्चा में भी सांसद सीपी जोशी जोश भरने में नाकाम ही साबित हो रहे हैं।
महज एक प्रकोष्ठ घोषित वो भी निष्क्रिय
प्रदेश संगठन में करीब 4 दर्जन प्रकोष्ठों में महज मीडिया प्रकोष्ठ की ही घोषणा की गई लेकिन वह भी सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है। साथ ही प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम पूरी तरह निष्क्रिय है।
प्रवक्ताओं में एक मात्र सक्रिय रहे कैलाशनाथ भट्ट अपने पद से इस्तीफा दे चुके है। राज्यवद्र्धन सिंह राठौड़ केन्द्र में मंत्री बनाए जा चुके है।
अन्य दो प्रवक्ता अल्का गुर्जर और प्रियंका चौधरी के सक्रिय नहीं होने के का रण बदला जाना तय माना जा रहा है। पार्टी के मीडिया संयोजक भी नवदीप सिंह भी लंबे समय से प्रदेश के बाहर ही रह रहे हैं। ऐसे में उनकी जगह नए व्यक्ति की नियुक्ति के लिए पार्टी नया नाम तलाश कर रही है।