जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव
दुनियां में खेती का सूत्रधार हैं महिलाएं- डॉ.अमन

त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय नाढ़ी के प्रांगण में कृषि विभाग के सौजन्य से सूबे का दूसरा महिला किसान चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जंहा महिलाओं ने अपनी समस्याएं खुलकर व्यक्त की वहीं बिहार राज्य किसान सलाहकार संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमन कुमार ने कहा कि कृषि दुनियां का सबसे बड़ा कारखाना है। देश की तरक्की के लिए किसानों की खुशहाली आवश्यक है। महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। कृषि के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका निर्णायक रही है। देश की 76 प्रतिशत कामकाजी महिलाएं खेती-बारी से जुड़ी हुई है। हाथ से काम करने के मामले में महिलाओं की संख्या 90 प्रतिशत है। ग्रामीण क्षेत्र में घर के काम-काज से लेकर खेती की भी जिम्मेदारी महिलाओं के कंधो पर होती है। गांव की खुशहाली के लिए नई तकनीक के जानकारी के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को सरजमीन पर उतारने की जरुरत है। महिला किसान चौपाल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाकर कृषि के क्षेत्र में परचम लहराना है। डॉ. कुमार ने कहा कि दुनियां में खेती का सूत्रधार हैं महिलाएं।जिन किसान परिवारों ने आधुनिक कृषि के तरीकों को अपनाते हुए महिलाओं का पूरा सहयोग लिया ,वे समृद्धि और खुशहाली की गाथा गाते हुए समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।कृषि देश की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है। किसानों के किसानी पर ही देश विकसित राष्ट्र बनेगा। गाँव की हरियाली और किसान परिवार की खुशहाली के बिना राष्ट्र संपन्न नही हो सकता। जल जीवन हरियाली योजना का जिक्र करते हुए डॉ. कुमार ने कहा कि जल के वजह से आज पृथ्वी पर पेड़ पौधे और हरियाली मौजूद हैं।जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है इसलिए भावी पीढ़ी के लिए जल संरक्षण अतिआवश्यक है। मानव सचेत नहीं हुए तो भविष्य में तृतीय विश्व युद्ध पानी को लेकर के होगी। जल है तो जीवन है। इसलिए पानी को जरूरत के हिसाब से ही खर्च करे। प्रकृति का सर्वश्रेष्ठ उपहार वन हैं। गाँव में लगेंगे चौपाल तभी किसान होंगे खुशहाल। पर्यावरण प्रकृति का एक सुदर्शन कवच है। सुखद जीवन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए मिट्टी संरक्षण आवश्यक है। मिट्टी जाँचोंपरांत आवश्यकतानुसार जैविक खादों के प्रयोग से फसल अच्छी पैदावार होती है। इसे बचाने के लिए जैविक उत्पाद पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम पंचायत कोरियापट्टी पश्चिम के मुखिया रामानंद यादव ने कहा कि कृषि विभाग के तत्परता के कारण किसानों की उम्मीद जगी है। यकीन है कि आने वाले दिनों में किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटेगी।किसान चौपाल में किसान बहनों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, किसान पुरस्कार कार्यक्रम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि यांत्रिकरण योजना, जैविक खेती प्रोत्साहन कार्यक्रम आदि योजनाओं का विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। किसान चौपाल में पैक्स अध्यक्ष जय प्रकाश यादव, सीमा कुमारी, रूबी कुमारी, रीता देवी, पूनम देवी, सीता देवी, खुशबु देवी, गणिता कुमारी, किरण देवी, उर्मिला देवी, प्रमीला देवी, कुमारी वीणा, विलक्षणी देवी, दुर्गा देवी, ललिता देवी, कुमारी रानी, कैली देवी, कविता देवी, सुनैना देवी, रीता देवी, अकली देवी, सालो देवी आदि उपस्थित थे।