जयपुर /निकाय चुनाव सम्पन्न होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिसम्बर में ही पंचायत चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार 4 दिसम्बर को मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसके बाद 7 दिसम्बर को संबंधित वार्डों या मतदान केंद्रों मतदाता सूचियों का पठन किया जाएगा। पंचायत चुनाव में किसी भी मतदान बूथ पर 1100 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। इस मामले में आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों के स्पष्ट निर्देश भी दे दिए हैं। इसके अनुसार पंचायत के एक वार्ड में औसतन 300-300 मतदाता ही हैं। इसीलिए एक बूथ पर एक से अधिक वार्डों के मतदाता वोट डाल सकेंगे। पूरा वार्ड एक ही बूथ पर रहेगा।

ये रहेगा कार्यक्रम
7 व 8 दिसम्बर- नाम जुड़वाने या किसी भी तरह के संशोधन के लिए विशेष अभियान (सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक)
13 दिसम्बर- नामावलियों से जुड़े दावे और आक्षेपों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि।
20 दिसम्बर तक- दावे और आक्षेपों का निस्तारण।
29 दिसम्बर- पूरक सूचियों की तैयारी।
3 जनवरी- निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन।

निकाय चुनाव परिणाम
प्रदेश में हाल ही में हुए निकाय चुनावों में 49 निकायों में से कांग्रेस ने 37 में अपना बोर्ड बनाया था। भाजपा केवल 12 शहरों में सिमट गई। तीन नगर निगमों में से उदयपुर , बीकानेर में भाजपा और भरतपुर में कांग्रेस का मेयर बना। इससे पहले के चुनाव से तुलना की जाए तो भाजपा को 28 निकायों का घाटा हुआ है। वहीं कांग्रेस को 31 निकायों का फायदा हुआ है। 49 में से 10 निकायों में प्रमुख की सीट पर युवाओं ने कब्जा जमाया। खास बात यह है कि इन 10 में से 7 महिलाएं हैं। तीन निकायों में 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति प्रमुख बने हैं। इनमें एक नगर निगम भी शामिल है।