-सुषमा बड़ाइक पर गोली चलवाने के मुख्य आरोपी है



राँची/आरा -रिपोर्ट अनमोल कुमार : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हम के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसे मांझी की पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। रिजवान को बिहार पुलिस की मदद से झारखण्ड की पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। रिजवान पर राँची की चर्चित महिला सुषमा बड़ाईक पर गोली चलाने का आरोप है।दानिश रिजवान पर राँची स्थित अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के पास सुषमा बड़ाईक को गोली मरवाने का आरोप है।दरअसल, झारखण्ड के राँची स्थित अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के पास पिछले महीने चर्चित महिला सुषमा बड़ाईक को गोली मारी गई थी।इस मामले में महिला ने हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को आरोपित बनाया था। इसी मामले में राँची से आई पुलिस टीम ने गुरुवार को आरोपी हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को गिरफ्तार कर लिया।

दानिश रिजवान आरा टाउन थाना क्षेत्र के तरी मोहल्ला के निवासी हैं।राँचीसे आई पुलिस टीम ने टाउन थाना के सहयोग से आरा कोर्ट के पास से हम प्रवक्ता को धर दबोचा।राँची पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर राँची ले जाने की प्रक्रिया में लगी हुई है। इधर, हम नेता की गिरफ्तारी को लेकर काफी देर तक खलबली मची रही।


बताया जा रहा है कि हम पार्टी के पूर्व प्रवक्ता दानिश रिजवान गुरुवार को एक केस की तारीख को लेकर आरा सिविल कोर्ट में गए थे। इस दौरान टाउन पुलिस और राँची पुलिस ने बाहर में जाल बिछाया था। कोर्ट से बाहर निकलते ही पुलिस ने दानिश को धर दबोचा और टाउन थाना लेकर चली गई। पुलिस के अनुसार राँची पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले जाएगी। अभी कागजी प्रक्रिया चल रही है।


वहीं,सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक शूटर भी राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा है।सूत्रों की माने तो राँची पुलिस ने शूटर को उत्तरप्रदेश से गिऱफ्तार किया है।हालांकि पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं हुआ है।

पिछले महीने कोर्ट जाते समय सुषमा को मारी गई थीं दो गोली

विगत 13 दिसंबर 2022 को बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के समीप सुषमा बड़ाईक को गोली मारकर घायल कर दिया था। सुषमा को मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुषमा को दो गोली लगी थीं। अरगोड़ा पुलिस का कहना है सुषमा अपने घर से निकलकर हाईकोर्ट जा रही थीं। एक मामले में उनकी सुनवाई थी।सहजानंद चौक पर पहुंचते ही बाइक पर तीन अपराधी पहुंचे थे और सुषमा की गाड़ी के बगल में आते ही गोली चलाने लगे थे। अपराधियों ने पांच राउंड फायरिंग की थी। सुषमा को गोली लगते ही वह बाइक से गिर पड़ीं थीं। इसे लेकर छह के विरुद्ध शक जताते हुए प्राथमिकी कराई गई थी। पुलिस का कहना है सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूत्र की मदद से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली है। इसी मामले में रिजवान को गिरफ्तार किया गया है।


-आईपीएस अधिकारी पर मामला दर्ज कराने के बाद चर्चा में आई थी सुषमा


पूर्व आईपीएस अधिकारी पीएस नटराजन के खिलाफ सुषमा बड़ाईक ने यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था। आईपीएस अधिकारी पर मामला दर्ज कराने के बाद वह चर्चा में आ गई थीं। तभी से सुषमा बड़ाईक को बॉडीगार्ड दिया गया था। इसके बाद भी सुषमा बड़ाईक ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। सुषमा ने एक युवक पर आरोप लगाया था कि नटराजन के खिलाफ मामला वापस लेने के लिए उसने धमकी दी थी।