

– जयपुर में कम्युनिटी स्प्रेड का खतरा, 192 पॉजिटिव मिले
जयपुर।राजस्थान में कोरोना बेकाबू हो गया है। एक सप्ताह में ये केस 5 गुना तक बढ़ गए। पिछले 24 घंटे की रिपोर्ट देखें तो पूरे प्रदेश में 301 केस मिले हैं। इसमें सबसे ज्यादा मामले 192 जयपुर में मिले हैं। इससे जयपुर में कोरोना के कम्युनिटी स्प्रेड का खतरा बढ़ गया है। पिछले एक सप्ताह से लगातार कोरोना के डरावने आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। बढ़ते केसों को देखते हुए प्रशासन ने सभी अस्पताल संचालकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट राजस्थान की रिपोर्ट पर नजर डालें तो आज जयपुर के अलावा जोधपुर में 32, अलवर में 14, कोटा में 13 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा भीलवाड़ा में 9, भरतपुर 8, उदयपुर 5, अजमेर 6, गंगानगर, बीकानेर में 4-4, सीकर, धौलपुर में 3-3, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, टोंक में 2-2 और पाली, दौसा में एक-एक मरीज मिला है।
राजस्थान की अब तक की रिपोर्ट देखे तो पूरे राज्य में 22 महीने में कोरोना से 9 लाख 56,528 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 9 लाख 46,317 मरीज रिकवर हो गए हैं। वहीं 8964 मरीजों की मौत हो गई।
जोधपुर में भी एक्टिव केस 100 के पार
राजस्थान में एक्टिव केसों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। पूरे राज्य में आज एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 1247 पर पहुंच गई। जयपुर के बाद अब जोधपुर दूसरा शहर बन गया, जहां एक्टिव केसों की संख्या 100 के पार पहुंच गई। जोधपुर में आज कुल एक्टिव केस 126 हो गए। वहीं जयपुर में सबसे ज्यादा 796 केस हैं।
– जयपुर में रोज 4 हजार टेस्टिंग
जयपुर सीएमएचओ से मिली रिपोर्ट के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में जयपुर में 727 केस मिल गए है। ये तब है जब जयपुर में हर रोज औसत टेस्टिंग 4 हजार के करीब है। सीएमएचओ से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को जयपुर शहर में 5 एरिया ऐसे हैं, जहां 10 या उससे ज्यादा मरीज मिले हैं।
सबसे ज्यादा 17 केस मालवीय नगर में आए है। वहीं 4 केस आज भी ऐसे मिले है, जिनका सीएमएचओ के पास कोई एड्रेस या कॉन्टेक्ट नहीं है। मालवीय नगर के अलावा वैशाली नगर में 13, अजमेर रोड पर 12, दुर्गापुरा में 11 और मानसरोवर इलाके में 10 केस मिले हैं।
