_पीएम मोदी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पूर्व पीएम को दी श्रद्धांजलि
_देश को सबसे ऊंचे पायदान पर ले जाने को पिताजी ने नई दिशा दी : प्रियंका गांधी
_कांग्रेस नेताओं ने ‘वीर भूमि’ पर राजीव गांधी की समाधि पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए

नई दिल्ली राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की समाधि 'वीर भूमि' पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथ प्रियंका गांधी और राबर्ट वाड्रा के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। इसके अलावा पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी है। इस मौके पर राहुल ने अपने पिता को याद करते हुए ट्वीट किया-पापा, आप हर पल मेरे साथ, मेरे दिल में हैं। मैं हमेशा प्रयास करूंगा कि आपने देश के लिए जो सपना देखा, उसे पूरा कर सकूं। राहुल गांधी ने आगे लिखा-मेरे पिता श्री राजीव गांधी ने 21वीं सदी के भारत का रोडमैप देश के सामने रखा था। एक ऐसा भारत, जिसमें युवाओं की ताकत, गांवों की शक्ति, महिलाओं की क्षमता, नयी प्रौद्योगिकी के प्रयोग को अभिव्यक्ति मिले। वहीं, प्रियंका गांधी ने देश के विकास में अपने पिता के योगदान को याद किया। उन्होंने फेसबुक पर जारी पोस्ट में कहा-सूचना क्रांति, संचार क्रांति, पंचायती राज, 18 वर्ष में मतदान का अधिकार जैसे कदम इसी अभिव्यक्ति को मजबूती देने के कदम थे। प्रियंका गांधी ने कहा-पिताजी का सपना 21वीं सदी में भारत को सबसे ऊंचे पायदान पर पहुंचाने का था। उन्होंने उस सपने को लेकर दिन-रात काम किया और भारत को एक नई दिशा दी। हमारा रास्ता चुनौतियों से भरा जरूर है। लेकिन, आज राजीव गांधी जी की जयंती पर हम सबको भारत को सबसे ऊंचे पायदान पर ले जाने के सपने को पूरा करने के संकल्प को दोहराना होगा।

राजीव गांधी ने 3 दशक पहले देश में आईटी युग की नींव रखी : गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया-पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी को उनकी 78वीं जयंती पर शत-शत नमन। राजीव गांधी ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) की क्षमता और महत्व को समझकर लगभग तीन दशक पहले देश में आईटी के गौरवशाली युग की नींव रखी।
राजीव गांधी ने देश को सशक्त किया : बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 21वीं सदी के भारत के स्वप्नद्रष्टआ पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी जी की जयंती पर हम सब उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हैं। भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में देश की कमान संभालकर अपने कार्यों से उन्होंने देश को सशक्त किया। देश उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। इस मौके पर कांग्रेस के अन्य कई नेताओं ने भी देश के विकास में राजीव गांधी के योगदान को याद किया।