

बीकानेर।पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बीकानेर दौरे को लेकर शुक्रवार को जयपुर में बीकानेर के नेताओं के साथ बैठक हुई। इसमें अगले महीने पूर्व सीएम राजे के दौरे को लेकर रायशुमारी कर तय किया गया कि वे देशनोक व बीकानेर का दौरा करेंगी। मुकाम जाने के कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया गया है। बीकानेर में भी संभवत: घोषित जनसभा की जगह स्वागत में उमड़े कार्यकर्ताओं को संबोधन के रूप में कार्यक्रम करने की योजना बनी है। हालांकि राजे के दौरे को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी के नेतृत्व में नेताओं का दल बीकानेर आएगा।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री राजे के 9 व 10 अक्टूबर को बीकानेर दौरे की घोषणा गत 6 सितम्बर को देशनोक आए भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष परनामी करके गए थे। इसके बाद इसे लेकर कोई हलचल नहीं होने पर माना जा रहा था कि राजे का दौरा टाला जा सकता है। शुक्रवार को एक समाचार पत्र ने राजे के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में असमंजस का समाचार भी प्रकाशित किया था। इसके बाद बीकानेर से वसुंधरा समर्थक भाजपा नेता शुक्रवार को जयपुर पहुंच गए। सूत्र बताते हैं कि पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी पूर्व विधायक गोपाल जोशी के पोते विजय मोहन जोशी, यूआइटी के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका और देहात भाजपा के एक पूर्व जिलाध्यक्ष की जयपुर में राजे से मुलाकात हुई। इसमें परनामी समेत कई अन्य नेता भी शामिल हुए।
_भाटी की अगुवाई में देशनोक दौरा
सूत्रों के मुताबिक, राजे का देशनोक का दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इसकी पूरी कमान पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के हाथ में रहेगी। बीकानेर में व्यवस्थाएं महावीर रांका, विजय मोहन जोशी और विधायक सिदि्ध कुमारी संयुक्त रूप से देखेंगे। राजे यहां पर दिवंगत विधायक गोपाल जोशी के निवास पर जाकर उनके परिवार से मिलेंगी। इस दौरान पुष्पांजलि सभा का कार्यक्रम भी रखने पर विचार चल रहा है।