कांग्रेस प्रदेश में एकजुट, सभी दिग्गज नेता जींद उपचुनाव में प्रचार-प्रसार में जुटे
हर्षित सैनी / रोहतक / अखिल भारतीय कांग्रेस खेत मजदूर संघ के चेयरमैन नाना पटोले ने कहा कि भाजपा किसानों का शोषण कर रही है। फसल बीमा योजना के तहत किसानों से लूट हो रही है। स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने का वादा भाजपा ने किया था लेकिन सत्ता में आने के बाद मुकर गई। लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनेगी और इसके बाद किसान आयोग का गठन किया जाएगा। Nana Patole
उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा ने किसानों के लिए काम करने की बात कही लेकिन किया कुछ नहीं। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद किसानाें का शोषण और अहित ही किया। कांग्रेस ने हमेशा किसानों के हित में काम किया है। कांग्रेस किसानों के कल्याण के प्रति हमेशा सजग रही है।
नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में भी किसान के लिए अहम निर्णय लेगी और उनके हितों के मुद्दों को शामिल करेगी। पार्टी सत्ता में आने पर किसान आयोग का गठन करेगी। यह आयोग किसानों की फसल के समर्थन मूल्य व अन्य समस्याओं को लेकर काम करेगा। Nana Patole
उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही नजर आते हैं, उनके अलावा उसे कुछ दिखाई नहीं देता। उसका एकमात्र काम सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधना है। उनका कहना था कि भाजपा ने न तो केंद्र में और न ही हरियाणा में किसान के लिए कोई काम किया। फसल बीमा योजना किसान के लिए धोखा है और भाजपा बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए किसानों को लूट रही है।
अखिल भारतीय कांग्रेस खेत मजदूर संघ के चेयरमैन ने कहा कि जींद उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला की ऐतिहासिक जीत होगी। यह जीत हरियाणा से भाजपा को भगाने का काम करेगी। Nana Patole
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में एकजुट है और मिलकर सभी दिग्गज नेता जींद उपचुनाव में प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। भाजपा के पास तो जींद उपचुनाव में उतारने के लिए प्रत्याशी तक नहीं था और उसने इनेलो से इंपोर्ट कर प्रत्याशी को मैदान में उतारा। इनेलो और जननायक जनता पार्टी आपस के झगड़े में उलझ कर रह जाएगी।
इससे पहले तिलियार पर्यटन केंद्र पर पूर्व मंत्री एवं हरियाणा कांग्रेस के संयोजक सुभाष बतरा ने नाना पटोले का कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ किसान कांग्रेस किसान के नेशनल कोऑर्डिनेटर नारायण पाल, सुरेंद्र सोलंकी, बिहार के प्रभारी राजू मान, सुरेंद्र दहिया, राजवीर सिंह, कांता आलडिया, सतीश बंधु, डॉक्टर अनिल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद थे। Nana Patole
