दिल्ली नगर निगम चुनाव : भाजपा को 67 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल

नई दिल्ली । भाजपा ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में 181 वार्ड में भारी जीत हासिल की । 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में 67 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी आम आदमी पार्टी 48 वार्ड के साथ दूसरे और कांग्रेस 30 के साथ तीसरे स्थान पर है।

दिल्ली में मिली इस जीत पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष व लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह जीत हम सुकमा के शहीदों को समर्पित करते हैं। दिल्ली की जीत पीएम मोदी की नीतियों की जीत है। पीएम मोदी के कदम ही हमारी जीत के कारण बने हैं। हम उम्मीद करते हैं कि आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार एमसीडी को अपना सहयोग देगी। हम दिल्ली की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। मतगणना सुबह 8:00 बजे शुरू हई थी। शुरुआती रुझान से ही भाजपा ने जो बढ़त बनाई वह लगातार बरकरार रही।

केजरी ने दी भाजपा को बधाई

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगमों में प्रचंड जीत पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बधाई दी। केजरीवाल ने बुधवार को ट्वीट कर भाजपा को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल्ली के तीनों नगर निगमों में जीत दर्ज करने के लिए भाजपा को बधाई देते हैं। केजरीवाल ने आगे कहा कि दिल्ली की भलाई के लिए उनकी सरकार एमसीडी के सहयोग से काम करना चाहेगी। दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत हासिल की है। एमसीडी चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाते हुए भाजपा ने नगर निगम के तीनों वार्डों में बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है। वहीं आम आदमी पार्टी दूसरे नंबर पर और कांग्रेस नीचे खिसककर तीसरे नंबर पर आ गई है। हालांकि, आप अपनी हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहरा रही है।

केजरीवाल की सत्ता की भूख से हारी आम आदमी पार्टी : अन्ना

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के प्रति उनकी भूख के कारण ही आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली नगर निगम चुनाव हारी।

अन्ना ने कहा कि लोगों ने उन्हें जनादेश दिया था और उनके पास एक मौका था कि वह दिल्ली को एक मॉडल राज्य बनाएं, जिसकी देखादेखी पूरा देश करे, लेकिन सत्ता बुरी चीज है। एक बार जब आपको कुर्सी मिल जाती है, तो आपकी सोचने-समझने की शक्ति खत्म हो जाती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए काम करने के बजाय उन्होंने पंजाब तथा गोवा की सत्ता पर कब्जा करने के ख्वाब देखने शुरू कर दिए। उनके पास जल्दबाजी करने का कोई कारण नहीं था।

दिल्ली की जनता ने आप को नकारा, कांगे्रस को दिखाया आईना : जोशी

भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनावों में भाजपा की बंपर जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

जोशी ने कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व में देशभर में हो रहे विकास के पक्ष में मतदान किया है तथा ‘आप’ को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि आप ने दिल्ली से बाहर जनाधार बनाने के लोभ में दिल्ली की जनता के साथ धोखा किया है, जिससे दिल्ली का विकास अवरूद्ध हो गया है। इसे लेकर दिल्ली की जनता में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में आप को अस्तित्व बचाने का संघर्ष करना पड़ेगा। जोशी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को नकारते हुए उसे आईना दिखाया है।