Dehnok Karni Mata Memorial Inauguration
Dehnok Karni Mata Memorial Inauguration
राज्य के चहुंमुखी विकास में निभाएं सहभागिता : राजे

बीकानेर । मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि प्रदेश के लोकदेवी -देवताओं, महापुरूषों के जीवन से प्रेरणा लेकर तथा कड़ी मेहनत से,राज्य के चहुंमुखी विकास में,आमजन सहभागिता निभाएं।
मुख्यमंत्री बुधवार को देशनोक में श्री करणीमाता स्मारक के शिलान्यास अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित कर रही थीं। यह स्मारक राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण द्वारा तैयार करवाया जायेगा। श्रीमती राजे ने कहा कि प्रदेश का कोई जिला ऐसा नहीं है, जहां लोकदेवी-देवता न हुए हों । उन्होंने कहा कि करणीमाता मंदिर में देश विदेश से लोग अपनी आस्था प्रकट करने आते हैं।
बनेगा भव्य स्मारक- मुख्यमंत्री श्रीमती राजे ने कहा कि यहां श्री करणीमाता का भव्य स्मारक बनेगा। राज्य सरकार द्वारा इस कार्य के लिए आरम्भ में 4 करोड़ रूपये दिये जाएंगे। स्मारक बनने से, विशेषकर विदेशी पर्यटकों को इस सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी मिल सकेगी। उन्हें यहां के इतिहास सम्बन्धी जानकारी प्राप्त होगी, साथ ही विभिन्न भाषाओं में अनुवाद की सुविधा भी अत्याधुनिक उपकरणों से मिलेगी।
गौ संरक्षण करें

उन्होंने कहा कि गौ व ओरण के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से अपील करी कि वे प्लास्टिक की थैलियां व अन्य हानिकारिक सामग्री न फैंके। गायों को इन से अत्यन्त हानि होती है। उन्होंने पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी द्वारा इस सम्बन्ध में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
स्वच्छता के प्रति हों जागरूक

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करे। हर व्यक्ति सफाई कार्य में अपना योगदान देगा, तभी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की स्वच्छ भारत की परिकल्पना साकार हो सकेगी।
उद्यमियों ने किया नाम रोशन- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के उद्यमियों ने अपनी मेहनत से देश -विदेश में राज्य का नाम रोशन किया है। वे जहां -जहां भी प्रवासी के रूप में गए, उस स्थान के विकास में भागीदार बने। उन्होंने कहा कि प्रदेश को उपलब्ध विशाल क्षेत्राफल इसके सर्वांगीण विकास का आधार बनेगा।
बनेंगे विभिन्न स्मारक

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में लोक देवी-देवताओं, स्वतंत्राता सेनानियों की स्मृति में स्मारक बनवाए जाएंगे। इन स्मारकों का निर्माण कार्य आगामी 3 वर्ष में पूर्ण हो जाएगा। इनमें रामदेवरा में रामदेव जी, भीनमाल में माघकवि, मेड़ता में मीरा बाई, डूंगरपुर में कालीबाई, बेणेश्वर में मावजी, दौसा में सूरदास सहित झालावाड़, भरतपुर, पीपासर, चूरू, नागौर, आउवा पाली, झुंझुनू, अलवर आदि स्थानों पर स्मारकों का निर्माण किया जाएगा।

शुभ प्रतीकों के हुए दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने श्रीकरणी माता मंदिर में सफेद चूहे के दर्शन किए साथ ही चील के भी दर्शन हुए,जिसे अत्यन्त शुभ माना जाता है। उन्होंने देशनोक की अपनी पहली यात्रा के संस्मरण भी सुनाए।
राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए श्रीकरणी माता स्मारक के विषय में सविस्तार जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रीकरणी माता मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है। उन्होंने राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण द्वारा प्रदेश में पुरामहत्व,साहित्य,कला,संस्कृति के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।
बीकानेर पश्चिम विधायक डॉ. गोपाल जोशी ने कहा कि यहां बनने वाले स्मारक से देश विदेश के श्रद्धालुओं को करणीमाता के सम्बन्ध में सम्पूर्ण जानकारी मिल सकेगी। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। महापौर नारायण चोपड़ा ने कहा कि करणी माता ने गौ संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल की। साहित्यकार सीपी देवल ने कहा कि करणीमाता ने 600 वर्ष पूर्व पर्यावरण रक्षा का संदेश दिया था। अखिल भारतीय चारण सभा के अध्यक्ष सीडी देवल ने धार्मिक स्थलों के संरक्षण कार्य की सराहना की।
शिलान्यास कार्यक्रम

मुख्यमंत्री श्रीमती राजे ने समारोह स्थल के निकट स्थान पर श्रीकरणी माता स्मारक का मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। उन्होंने यहां प्रस्तावित स्मारक से सम्बन्धित चित्रों का अवलोकन किया।
स्मारक के लिए सहयोग

इस अवसर पर समाज के अनेक नागरिकों ने स्मारक निर्माण के लिए अपनी ओर से सहयोग राशि के चैक प्रदान किए। सांसद अर्जुनराम मेघवाल की ओर से सांसद निधि से 25 लाख रूपये की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। विधायक डॉ. गोपाल जोशी ने व्यक्तिगत रूप से 1 लाख रूपये की सहायता देने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वनविभाग द्वारा प्रकाशित ओरण संबंधी फोल्डर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान फिल्म निर्माता एम एम चौधरी को सम्मानित भी किया गया। सीकर के लोकगायक राजेन्द्र कविया ने श्रीकरणी माता के भजन प्रस्तुत किए। प्राधिकारण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकमचंद बोहरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रदर्शनी अवलोकन

मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल पर वेटरनरी विश्वविद्यालय तथा स्वामी केशवानन्द कृषि विश्वविद्यालय द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वेटरनरी विश्वविद्यालय द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में राठी,थारपारकर व गिर नस्लों की गायों के मॉडल प्रदर्शित किए गए। साथ ही यहां ईमू पक्षी के अंडे, चारा कुट्टी यंत्रा, पशुआहार ईंट, हाइड्रोपॉनिक तकनीक से बना हरा चारा, साइलेज बैग, संतुलित पशुआहार, डॉग कार्ट आदि का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री को वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ए.के. गहलोत ने प्रदर्शनी की जानकारी दी। कृषि विश्वविद्यालय द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में कम पानी वाली फसलों की किस्में, जल बचत तकनीक, समन्वित कीट नियंत्राण, शुष्क बागवानी, ओरण विकास तकनीक, बाजरा के उत्पाद, वैकल्पिक भू उपयोग, डिग्गी आधारित कृषि पद्धति आदि के सम्बन्ध में निदेशक डॉ. गोविन्द सिंह व प्रवीण सिंह ने जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री राजकुमार रिणवा, पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी, बीकानेर पूर्व क्षेत्रा विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, श्रीडूंगरगढ़ विधायक किसनाराम नाई, जिला कलक्टर पूनम,जिला पुलिस अधीक्षक संतोष चालके, नगरपालिका देशनोक के अध्यक्ष कानाराम घुघरवाल, जनप्रतिनिधि विजय आचार्य, रामगोपाल सुथार, जालम सिंह भाटी, राधा देवी, संतोष कंवर, अविनाश जोशी, अनिल शुक्ला, पृथ्वीराज रतनू सहित श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व आमजन मौजूद थे।

गार्ड ऑफ ऑनर
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे बुधवार को देशनोक स्थित श्री करणीमाता स्मारक के शिलान्यास कार्यक्रम लिए देशनोक पहुंची । मुख्यमंत्री राजे की हैलीपेड पर वन,पर्यावरण और जिला प्रभारी मंत्री राजकुमार रिणवा ने अगवानी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी,श्रीडूंगरगढ़ विधायक किसना राम नाई,पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, जिला कलक्टर पूनम,जिला पुलिस अधीक्षक संतोष चालके,श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के उपप्रधान राम गोपाल सुथार,सत्य प्रकाश आचार्य,युधिष्ठिर सिंह भाटी सहित जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री की अगवानी की। कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने हैलीकॉप्टर द्वारा डीडवाना के लिए प्रस्थान किया।

श्रीकरणी माता के किए दर्शन
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने बुधवार को 6 शताब्दी प्राचीन विश्व विख्यात श्रीकरणी माता के मंदिर में दर्शन किए तथा जोत करवाकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास,आपसी सद्भाव व भाईचारे की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री देशनोक में श्रीकरणी माता के स्मारक के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। उन्होंने मंदिर में सफेद काबे और मंदिर के ऊपर घूम रही चील के भी दर्शन किए। इस अवसर पर श्रीकरणी मंदिर निजी प्रन्यास की ओर से उन्हें देवी श्रीकरणी माता का प्रतीक चिन्ह व साहित्य भेंट किया गया।
मुख्यमंत्री के साथ वन,पर्यावरण एवं जिला प्रभारी मंत्री राजकुमार रिणवा,विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी व पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।