धवन की धमाकेदार पारी ,भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 130 रनों से हराया

धवन की धमाकेदार पारी ,भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 130 रनों से हराया
धवन की धमाकेदार पारी ,भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 130 रनों से हराया

मेलबर्नशिखर धवन के करियर की सर्वश्रेष्ठ शतकीय पारी की मदद से भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्रिकेट विश्व कप के दूसरे मैच में आज सात विकेट पर 307 रन बनाए। धवन ने 146 गेंद में 137 रन बनाए जबकि अजिंक्य रहाणे ने 60 गेंद में 79 रन की पारी खेली। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप में उसका सर्वाधिक स्कोर 296 रन था जो 2011 में उसने नागपुर में बनाया था।

डैथ ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और आखिरी 39 गेंद में भारत ने 46 रन बनाकर पांच विकेट गंवाए। धवन ने अपना 7वां वनडे शतक जड़ते हुए 16 चौके और दो छक्के लगाए। विश्व कप में किसी भी बल्लेबाज का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह सर्वोच्च स्कोर है। धवन ने 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी में भी कार्डिफ में खेले गए मैच में इसी टीम के खिलाफ शतक जड़ा था।

भारतीय शीषर्क्रम ने एक बार फिर उम्दा प्रदर्शन किया। धवन और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 127 रन जोड़े। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में शतक जमाने वाले कोहली ने 60 गेंद में 46 रन बनाए। लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने उन्हें शॉर्ट मिडविकेट पर फाफ डु प्लेसिस के हाथों लपकवाया।

रहाणे ने पाकिस्तान के खिलाफ नाकाम रहने का गम भुलाते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने धवन के साथ तीसरे विकेट के लिए 16.3 ओवर में 125 रन की साझेदारी की। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए।

धवन ने अपनी पारी में कई खूबसूरत स्ट्रोक्स लगाए। मेलबर्न वैसे भी उनका दूसरा घर है क्योंकि भारतीय टीम के साथ दौरे पर नहीं होने पर वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ यही रहते हैं। उन्हें 52 के स्कोर पर जीवनदान भी मिला जब परनेल की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर हाशिम अमला ने उनका कैच टपकाया।

उन्होंने परनेल को ही चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। इसके बाद हेलमेट उतारकर बल्ला उपर उठाकर उन्होंने पंख की तरह हाथ फैलाते हुए इसका जश्न मनाया। धवन ने पहला छक्का स्टेन को लगाया जबकि दूसरा मोर्कल को जड़ा। रहाणे ने भी स्टेन को लांग आफ पर छक्का जड़ा।

दक्षिण अफ्रीका के लिये स्टेन ने आखिरी ओवर में चार खाली गेंदें फेंकी। उन्होंने 10 ओवर में 55 रन देकर एक विकेट लिया जबकि मोर्नी मोर्कल ने नौ ओवर में 59 रन देकर दो विकेट चटकाए। परनेल ने नौ ओवर में 85 रन देकर एक विकेट लिया।

308 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को डी कॉक के रूप में पहला झटका लगा। कॉक को शामी की गेंद पर कोहली ने लपका। कॉक ने 15 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौके की मदद से 7 रन बनाए। भारतीय बोलरों ने शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए विपक्षी टीम के खिलाडियों को 177 के स्कोर पर समेट दिया |