24jan2018raincoldnorthindia

नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड फिर लौट आई है। दरअसल, मंगलवार को पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने तापमान गिराया तो मैदानी इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश ने मौसम में बदलाव ला दिया। कुछ घंटों बाद इसका असर भी दिखा। इससे देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी में बर्फबारी या फिर बारिश का अनुमान भी जताया है। बारिश से किसानों को काफी राहत मिली है, वहीं कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, इस समय हल्की बारिश फसल के लिए अच्छी मानी जाती है। बता दें कि कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में मौसम पहले से सर्द है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरे से यातायात प्रभावित हुआ।

TNweb

आसमान में बादल छाए रहने से भी तापमान तेजी से गिरा है और सर्दी बढ़ी है। जानकारी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में शिमला और आस पास के इलाकों सिरमौर, सोलन और लाहौल तथा स्पीति में बर्फबारी हुई है। वहीं, कश्मीर के करगिल में तापमान शून्य से 19.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। श्रीनगर में शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया, जबकि लेह में पारा शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस कम रहा। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बुधवार की सुबह फिर सर्दी के लौटने का अहसास हुआ। दरअसल, मंगलवार को हुई झमाझम बारिश से तापमान ही नहीं, बल्कि वायु प्रदूषण का स्तर भी गिर गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स में खासी गिरावट दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि बुधवार को इसमें और कमी आने के आसार हैं। बारिश के कारण धूल-मिट्टी सब बैठ गई। ऐसे में वायु प्रदूषण घट गया। जिन इलाकों में आमतौर पर एयर इंडेक्स 400 से ऊपर रहता है, वहां भी यह घटकर 300 तक पहुंच गया। सफर इंडिया के मुताबिक अगले 24 घंटों में एयर इंडेक्स में और कमी आएगी। बुधवार को मौसम साफ रहेगा।

PLF jaipur

आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे, लेकिन बाद में आसमान साफ हो जाएगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 और 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि अब धीरे-धीरे तापमान बढऩा शुरू हो जाएगा। मतलब, ठिठुरन और सर्दी में कमी आएगी। बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। वहीं, बारिश, कोहरा और ठंड का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है। जानकारी के मुताबिक 25 ट्रेनें देरी से चल रही है, वहीं 3 के समय में बदलाव किया गया है, जबकि 18 ट्रेनें रद कर दी गई हैं। मंगलवार को हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बारिश का वैसे तो सभी फसलों को फायदा होगा, लेकिन सबसे अधिक फायदा गेहूं की फसल को होगा। इस बारिश से सरसों में अच्छी फली लगेगी। इसके अलावा चने की फसल को भी इससे फायदा पहुंचेगा। दिल्ली से सटे हरियाणा, उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। पंजाब में अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: 6.7 डिग्री, 6.4 डिग्री और 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में फुरसतगंज 3.6 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।