Narayan Jhanwar Nokhaनगर पालिका चुनाव : नोखा से झंवर, श्रीडूंगरगढ़ से सारस्वा, देशनोक से घूंघरवाल अध्यक्ष चुने गए
Narayan Jhanwar Nokha
नगर पालिका चुनाव : नोखा से झंवर, श्रीडूंगरगढ़ से सारस्वा, देशनोक से घूंघरवाल अध्यक्ष चुने गए

बीकानेर, 21 अगस्त। जिले के तीन नगर पालिका क्षेत्रों में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका में भाजपा की प्रियंका सारस्वा, देशनोक में भाजपा कानाराम घूंघरवाल तथा नोखा नगर पालिका में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नारायण झंवर अध्यक्ष चुने गए।
तीनों नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए संबधित नगरपालिका मंडल में बैठक आयोजित हुई। अध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए गए। श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका में कांग्रेस की पूनम ओझा और भाजपा की प्रियंका सारस्वा ने, नोखा नगर पालिका से नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नारायण झंवर और भाजपा के सीताराम पंचारिया ने तथा देशनोक नगर पालिका में भाजपा के कानाराम एवं कांग्रेस की रेखा ने नाम नामांकन पत्रा प्रस्तुत किए। संवीक्षा के दौरान सभी नाम निर्देशन पत्रा सही पाए गए। नाम वापसी की निर्धारित अवधि तक किसी भी प्रत्याशी ने नाम निर्देशन पत्रा वापिस नहीं लिए। इसके बाद हुए चुनाव में श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका सारस्वा ने पूनम ओझा को दो वोट से हराया। प्रियंका सारस्वा को 16 तथा पूनम ओझा को 14 वोट प्राप्त हुए।
नोखा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नारायण झंवर ने भाजपा के सीताराम को 9 मतों से हराया। झंवर को 22 तथा सीताराम पंचारिया को 13 मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार देशनोक नगर पालिका में भाजपा के कानाराम ने कांग्रेस की रेखा को दस मतों से हराया। कानाराम को पंद्रह तथा रेखा को पांच मत प्राप्त हुए।
कल होंगे उपाध्यक्ष के लिए चुनाव
नगर पालिका चुनाव 2015 के तहत शनिवार को श्रीडूंगरगढ, नोखा और देशनोक नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होंगे। इसके लिए प्रातः 10 बजे संबंधित नगर पालिका मंडल में बैठक आयोजित होगी। दस से ग्यारह बजे तक नाम निर्देशन पत्रा प्रस्तुत किए जा सकेंगे। प्रातः 11.30 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर दो बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी। आवश्यक होने पर दोपहर 2.30 से 5 बजे तक उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा तथा मतदान के ठीक बाद मतगणना की जाएगी।