PM Modi in Riyadh

PM Modi in Riyadhरियाद । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि प्रतिकूल वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बना कर दुनिया में ‘नई उम्मीदें’ जगाई हैं और इसीलिए कई लोग इसे ‘प्रकाशपुंज’ बता रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास दुनिया को देने के लिए काफी कुछ है विशेष तौर पर प्रतिभावान एवं हुनरमंद श्रमशक्ति के रूप में और उनकी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को लेकर इस दिशा में आगे बढ़ रही है। सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि पहले दुनिया की नजरों में भारत अन्य देशों में से एक देश भर था लेकिन अब यह ‘एक महत्वपूर्ण देश’ बन गया है।

मोदी ने कहा, ‘वैश्विक स्तर पर प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था मजबूत बनाई है। आज भारत आर्थिक रूप से प्रगति कर रहा है और दुनिया हमारी ओर देख रही है। सौ करोड़ से अधिक लोगों का देश काफी कुछ कर सकता है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अपने लोकतांत्रिक मूल्यों और सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के कारण नई उम्मीदें जगाई और ‘नया उत्साह’ पैदा किया है।

 उन्होंने कहा कि विश्व बैंक और सभी रेटिंग एजेंसियों का कहना है कि भारत के आर्थिक विकास ने ‘उम्मीद की किरण’ जगाई है और कुछ भारत को ‘प्रकाशपुंज’ बता रहे हैं।  यहां संक्षिप्त समारोह में उपस्थित लोगों के ‘भारत माता की जय’ के नारे के बीच मोदी ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति का एक कारण राजनीतिक स्थिरता है। उन्होंने कहा कि 30 वर्षों के बाद देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। भारत के युवा इस देश की शक्ति हैं।मोदी ने कहा, ‘दुनिया को ऐसी श्रमशक्ति की जरूरत है जो प्रतिभावान और प्रौद्योगिकी से लैस हो।’ उन्होंने कहा कि भारत कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रह है।

You missed