बिहार से मीसा भारती, आरसीपी व झारखंड से नकवी हो रहे रिटायर

शरद यादव व किंग महेंद्र की खाली सीटों पर भी होगा चुनाव

रिपोर्ट – अनमोल कुमारनई दिल्ली : चुनाव आयोग ने 15 राज्यों की कुल 57 राज्यसभा सीटों पर 10 जून को चुनाव कराने का ऐलान कर दिया है। इन सीटों में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा यहां 11 सीटें है। इसके अलावा बिहार की 5, आंध्र प्रदेश की 4, तेलंगाना की 2, छत्तीसगढ़ की 2, मध्य प्रदेश की 3, तमिलनाडु की 6, कर्नाटक की 4, ओडिशा की 3, महाराष्ट्र की 6, पंजाब की 2, राजस्थान की 4, उत्तराखंड की 1, झारखंड की 2 और हरियाणा की 2 सीटों पर मतदान होगा। चुनावों की अधिसूचना 24 मई को जारी होगी। 31 मई को नामांकन की आखिरी तारीख है। नामांकन की स्क्रूटनी की तारीख एक जून है। वहीं नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 3 जून है। सभी 57 सीटों पर 10 जून को सुबह 9 बजे से 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे और उसी दिन ही शाम 5 बजे मतगणना शुरू होगी। बिहार के जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता आरसीपी सिंह के साथ लालू यादव की बड़ी बेटी और राजद की मीसा भारती, भाजपा के गोपाल नारायण सिंह और सतीश चंद्र दुबे शामिल हैं। शरद यादव की खाली सीट पर भी चुनाव होगा। वहीं, झारखंड से केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और महेश पोद्दार का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। उनकी सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। बिहार-झारखंड की ये सभी सीटें राजनीतिक नजरिए से काफी अहम है। केंद्रीय कैबिनेट में जदयू कोटे से एकमात्र मंत्री आरसीपी सिंह का कार्यकाल जुलाई में पूरा होने जा रहा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती के साथ ही भाजपा के दो सांसद गोपाल नारायण सिंह और सतीश चंद्र दुबे का भी कार्यकाल पूरा हो जाएगा। शरद यादव की सीट लंबे समये से खाली है। जदयू कोटे से राज्‍यसभा सदस्‍य किंग महेंद्र के निधन से खाली सीट के लिए भी चुनाव होगा। किंग महेंद्र का निधन पिछले साल दिसंबर में हो गया था। वे 1985 से लगातार राज्‍यसभा सदस्‍य थे। उत्तर प्रदेश में 11 राज्यसभा सीटें 4 जुलाई को खाली हो रही हैं। इस दिन रिटायर होने वालों में नेतृत्व से असंतुष्ट कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल और पूर्व सीएम मायावती के खास सहयोगी सतीश मिश्रा का नाम भी शामिल है। यूपी से भाजपा के 5 सांसद सैयद जफर इस्लाम, जय प्रकाश, शिव प्रताप, संजय सेठ और सुरेंद्र सिंह नागर रिटायर हो रहे हैं। जबकि सपा के तीन सांसद रेवती रमण सिंह, सुखराम सिह और विशंभर प्रसाद निषाद का भी कार्यकाल इसी दिन पूरा हो जाएगा। इसके अलावा बसपा के अशोक सिद्धार्थ भी रिटायर होंगे। वहीं, उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट खाली हो रही है। यहां से कांग्रेस के सांसद प्रदीप टम्टा रिटायर हो रहे हैं।