जयपुर,(दिनेश शर्मा “अधिकारी “)। असम में 105 करोड़ रुपए के स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग घोटाले की आरोपी निलंबित आईएएस सेवाली देवी शर्मा औऱ उनके दामाद सहित तीन लोगों को अजमेर से गिरफ्तार कर लिया गया है। असम पुलिस की टीम ने कोतवाली थानाधिकारी दिनेश जीवनानी के नेतृत्व में आलीशान होटल क्रॉस लेन में सोमवार अलसुबह साढ़े 5 बजे छापा मारकर इन तीनों को गिरफ्तार किया। असम की विजिलैंस पुलिस न्यायालय से ट्रांजिट वारंट प्राप्त कर इन्हें असम ले जाएगी।
असम की विजिलेंस पुलिस के इंस्पेक्टर प्रीतम सैकिया ने बताया कि असम में एससीईआरटी में 105 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। इस घोटाले में निलंबित आईएएस सेवाली देवी शर्मा का भी हाथ है। इसलिए सेवाली देवी शर्मा, उनके दामाद अजीत पाल सिंह और सैयद राहुल आमीन को गिरफ्तार किया है।
होटल क्रॉसलेन के स्टाफ ने बताया कि 6 मई को सैयद राहुल आमीन व अजीत पाल सिंह के नाम से दो कमरे बुक किए गए थे, जिसमें तीन महिलाएं व दो पुरूष रूके थे। एक महिला जहां निलंबित आईएएस सेवाली देवी शर्मा की मां बताई जा रही है तो दूसरी उनकी नौकरानी। होटल स्टाफ ने बताया कि रूके हुए सभी सदस्यों की उन्होंने आईडी ले ली थी। आईएएस सेवाली देवी ने भी अपने पहचान पत्र की कॉपी होटल में जमा करवाई थी।
असम में एससीईआरटी के डायरेक्टर पद पर रहते आईएएस सेवाली देवी शर्मा पर 105 करोड़ रुपए की राशि के ठेके बिना वर्क ऑर्डर के अपने दामाद ठेकेदार अजीत पाल सिंह व ससुराल पक्ष के लोगों को देने का आरोप है। सेवाली को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद से सेवाली, व उनके दामाद अजीत पाल सिंह व अन्य फरार चल रहे थे। इसी मामले में कांग्रेस नेता राजेश जोशी सहित 5 को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।