कमर कस लें कार्यकर्ता, बचा हुआ समय बेहद महत्वपूर्ण : शिक्षा मंत्री
कमर कस लें कार्यकर्ता, बचा हुआ समय बेहद महत्वपूर्ण : कालीचरण सर्राफ
कमर कस लें कार्यकर्ता, बचा हुआ समय बेहद महत्वपूर्ण : कालीचरण सर्राफ

बीकानेर । भाजपा सदस्यता अभियान की जिला स्तरीय बैठक रविवार को स्टेशन रोड स्थित होटल वृंदावन में आयोजित हुई। बैठक में सदस्यता अभियान के तहत अब तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ-साथ इसमें और अधिक गति लाने की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 19 फरवरी को सूरतगढ़ दौरे में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को ले जाने का आह्वान किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दस करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है। अब तक पांच करोड़ से अधिक सदस्य बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का बचा हुआ समय बेहद महत्वपूर्ण है। बचे हुए लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को कमर कसनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है तथा कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा ने देश और अनेक राज्यों में विजय प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से संभाग, जिला, मंडल, वार्ड और बूथ प्रवासी नियुक्त किए गए हैं। सभी स्तर के प्रवासी अपने-अपने क्षेत्र में गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए अधिक से अधिक नए सदस्य बनाएं।
सराफ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 फरवरी को सूरतगढ़ में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में बीकानेर शहर के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे, इसके लिए व्यापक प्रबंध कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी पहली बार संभाग में इतनी बड़ी जनसभा में आएंगे। सभा में प्रत्येक वार्ड के कार्यकर्ताओं को लाने-ले जाने की व्यवस्था की जाए।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री और सदस्यता अभियान के संभाग प्रवासी कुलदीप धनकड़ ने कहा कि सदस्यता अभियान में अब और अधिक गति लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं 9 मार्च तक बीकानेर संभाग में प्रवास करते हुए इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में अधिक से अधिक फॉलोअप शिविर लगाए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाकर लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। धनकड़ ने कहा कि प्रत्येक वार्ड के आवेदन भरकर शीघ्र ही संबंधित मंडल अध्यक्ष को दे दिए जाएं। संभाग प्रभारी ने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत बीकानेर शहर मे 3 लाख प्राथमिक और 3 हजार सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। पिछली बार शहर में 1075 सक्रिय कार्यकर्ता थे। इस प्रकार शहर के 60 वार्डों में से प्रत्येक में कम से कम 50 सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। इससे पहले अतिथियों ने भारत माता, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जयपुर के पूर्व उपमहापौर और सहसंयोजक मनीष पारीक, बीकानेर पश्चिम विधानसभा विधायक डॉ गोपाल कृष्ण जोशी, महापौर नारायण चौपड़ा, उपमहापौर अशोक आचार्य, सदस्यता अभियान के सहसंयोजक तेजकरण गहलोत सहित निवर्तमान कार्यकारिणी के सदस्य, मंडल अध्यक्ष, संयोजक, प्रवासी, विभिन्न मोर्चों के प्रभारी, पार्षद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य ने 19 फरवरी को अधिक से अधिक लोगों को सूरतगढ़ ले जाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विभिन्न मंडलों एवं प्रकोष्ठों को इसके लिए सूचित कर दिया गया है। सदस्यता अभियान के संयोजक अविनाश जोशी ने अब तक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और आगंतुकांे का आभार जताया। बैठक में भाग लेने वाले समस्त संभागियों का पंजीकरण किया गया।