Miss World 2015
Miss World 2015
स्पेन की मिरिया को मिस वर्ल्ड 2015 का ख़िताब

चीन। स्पेन की मिरिया लालागुना रोयो के सिर 2015 का मिस वर्ल्ड ताज सजा है। चीन के शहर सान्या में आयोजित इस प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर मिस रशिया और तीसरे नंबर पर मिस इंडोनेशिया रहीं। भारत की ओर से इस प्रतियोगिता में अदिति आर्या ने चुनौती पेश की। हालांकि वो आखिरी 20 प्रतिभागियों में भी जगह नहीं बना सकी।

इस प्रतियोगिता में रूस की सोफिया निकिचुक को उपविजेता चुना गया जबकि इंडोनेशिया की मारिया हारफांती तीसरे स्थान पर रहीं। खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल रहीं भारत की अदिति आर्या और इंग्लैंड की नताशा हैमिंग्स आखिरी 20 प्रतिभागियों में भी जगह नहीं बना पाईं।

23 वर्षीय मिरिया स्पेन के बर्सिलोना की रहने वाली हैं और एक स्पेनिश मॉडल हैं। वे इंस्टाग्राम पर भी काफी सक्रिय हैं। मिरिया के पास फार्मोकोलॉजी की डिग्री है और वो न्यूट्रीशियन में एमए करना चाहती हैं।

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 64 सालों से आयोजित हो रही है। आखिरी बार 15 साल पहले भारत की ओर से प्रियंका चोपड़ा ने ये प्रतियोगिता जीती थी। इसके बाद से भारतीय सुंदरियां इस प्रतियोगिता को नहीं जीत पाई हैं। अबतक कुल 5 बार ये प्रतियोगिता भारतीय सुंदरियों ने जीता है।

जिसमें सबसे पहले 1966 में रीता फारिया, 1994 में ऐश्वर्या राय, 1997 में डायना हेडन और 1999 में युक्ता मुखी ने जीत हासिल की थी, वहीं प्रियंका चोपड़ा(2000) इस प्रतियोगिता को जीतने वाली आखिरी भारतीय हैं।

वैसे, इस बार की मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता काफी विवादों में रही। इसकी वजह बनी चीन की धार्मिक नीति। दरअसल चीनी मूल की मिस कनाडा एनास्तासिया लिन को इस सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने दिया गया। क्योंकि वो चीन की धार्मिक नीति की आलोचक रही हैं। इसके अलावा वो चीन में प्रतिबंधित फागुन गोंगे मत की अनुयायी भी हैं।

22 साल की अदिति का मुकाबला मिस वर्ल्ड के 65वें विश्व सुंदरी प्रतियोगिता में दुनिया भर से आई 108 प्रतिभागियों से था। कुछ समय पहले मीडिया से बातचीत में अदिति ने कहा था कि वह नर्वस नहीं है क्योंकि उनके लिए यह एक बेहद सम्मानजनक पल है।